फिरोजपुर। केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का आंदोलन जारी है। किसानों ने दिल्ली बॉर्डर को चारों तरफ से घेर रखा है। उनका कहना है कि जब तक सरकार उनकी मांगे पूरी नहीं करेगी। वे अपने घर लौटकर जाने वाले नहीं हैं। किसान आंदोलन का सबसे ज्यादा असर पंजाब में देखने को मिल रहा है। फिरोजपुर में मंगलवार को किसानों ने जमकर प्रदर्शन किया। उन्होंने बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा का घेराव किया। वहीं बठिंडा में किसानों ने भाजपा नेताओं के पोस्टर फाड़े। जगह-जगह पोस्टरों पर कालिख भी पोत दी।

नाराज बीजेपी कार्यकर्ताओं ने सड़क को किया जाम
काफी देर तक किसानों का हंगामा चला। वहीं इसके विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने डीसी दफ्तर के पास धरना देकर जीटी रोड को जाम किया। दरअसल फिरोजपुर स्थित एक पैलेस में मंगलवार को पंजाब भाजपा अध्यक्ष अश्वनी शर्मा अपने कार्यकर्ताओं के बैठक करने पहुंचे थे। इसकी सूचना कहीं से किसानों को मिल गई। भाजपा अध्यक्ष के पहुंचने की खबर मिलते ही किसान वहां पर जमा हो गए।

भाजपा के पूर्व विधायक सुखपाल सिंह नन्नू की पगड़ी उतारने की कोशिश
उन्होंने अश्वनी शर्मा का घेराव किया और पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेडिंग तोड़कर शर्मा की गाड़ी तक जा पहुंचे। इस मौके पर मौजूद भाजपा के पूर्व विधायक सुखपाल सिंह नन्नू की पगड़ी उतारने की भी कोशिश की गई। किसान नेता हरनेक सिंह ने बताया कि किसानों ने शर्मा की गाड़ी पर हमला नहीं किया, यह शरारती तत्वों का काम है। इस मामले में पुलिस भी यही कह रही है कि शर्मा की गाड़ी पर किसी भी तरह का कोई भी हमला नहीं हुआ है । हंगामा ज्यादा बढ़ने पर पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज कर प्रदर्शनकारियों को वहां से खदेड़ दिया।