शामली। उत्तर प्रदेश के पश्चिमी यूपी में किसानों का गुस्सा बढ़ता ही जा रहा है। यहां के किसान नए कृषि कानूनों के विरोध में अपनी खड़ी फसल को जोत रहे हैं। अब शामली जिले में एक किसान ने शुक्रवार को अपनी दस बीघा गेहूं की फसल को जोत कर कृषि कानूनों का विरोध किया। किसान अमरपाल का कहना है कि कृषि कानूनों के विरोध में उसने अपनी फसल को नष्ट किया है। फसल एमएसपी पर नहीं बिकेगी तो किसान को कोई लाभ नहीं होगा।

मोहल्ला रेलपार निवासी किसान अमरपाल ने शुक्रवार को अपनी दस बीघा गेहूं की फसल पर ट्रैक्टर चला कर नष्ट कर दिया। किसान अमरपाल सिंह पुत्र जगमेल सिंह ने कहा कि तीनों कृषि कानूनों के विरोध में उन्होंने अपनी फसल को नष्ट किया है।

वहीं भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के नगर अध्यक्ष योगेंद्र पंवार और अन्य किसानों ने उन्हें रोकने की कोशिश की। लेकिन अमरपाल नहीं माने और फसल को नष्ट कर दिया। उनका कहना है कि बढ़ती महंगाई के कारण खेती आज घाटे का सौदा हो रही है।

यह भी पढ़ें: यूपी पुलिस का कारनामा, जिंदा किशोरी को मुर्दा दिखाकर जेल भेजे तीन लोग, एडीजी ने बैठाई जांच

उन्होंने कहा हमने अपने नेता अजित सिंह को हराकर इस सरकार को वोट दिया था, लेकिन सरकार की नीतियों से वह परेशान हो चुके हैं। उन्होंने कहा सरकार को हर हाल में तीन कृषि कानून वापस लेने होंगे।