मुजफ्फरनगर। जनपद के कस्बा खतौली में सफेदा बाइपास रोड के निकट रेलवे क्रासिग पर फ्लाइओवर का निर्माण कार्य किया जा रहा है। पुल का निर्माण कार्य ट्रैक के दोनों ओर पूर्ण होने की स्थिति में पहुंच गया है। शेखपुरा गांव की ओर एक गोदाम पुल के निर्माण में बाधा बना हुआ था, जिसे मंगलवार को सेतु निगम व राजस्व विभाग की टीम ने ध्वस्त करा दिया। गोदाम स्वामी ने प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल खड़े किए है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक उप्र राज्य सेतु निगम सफेदा बाइपास मार्ग पर रेलवे फाटक के ऊपर पुल का निर्माण कर रहा है। आलू शीतगृह के निकट से पुल की चढ़ाई है, जबकि शेखपुरा को जाने वाले मार्ग पर पुल का हिस्सा उतर रहा है। यहीं पर एक निजी संपत्ति में गोदाम बना हुआ है। यहां से प्रशासन पुल के लिए भूमि अधिग्रहण करने के लिए पिछले एक वर्ष से प्रयासरत है। संपत्ति स्वामी कमला पत्नी तुलसीराम से मुआजवे को लेकर वार्ता की गई, लेकिन बात नहीं बन सकी।
राज्य सेतु निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर मनोज अग्रवाल ने बताया कि पुल के निर्माण में यह अस्थायी निर्माण बाधा बना हुआ था। मंगलवार को सेतु निगम के सहायक अभियंता सर्वेश पाल, अवर अभियंता योगेश और प्रोजेक्ट मैनेजर मनोज अग्रवाल, कानूनगो बबलू कुमार ने राजस्व टीम के साथ लेकर अस्थायी निर्माण पर जेसीबी चलवाकर ध्वस्त करा दिया।
संपत्ति स्वामी कमला के पुत्र तरूण कुमार ने प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल उठाए है। उसका कहना है कि प्रशासन ने उन्हें कोई नोटिस नहीं दिया है। पिछले डेढ़ वर्ष से वह यहां कबाड़, गत्ता आदि का कारोबार कर रहे थे। मंगलवार को जबरन उनके गोदाम को गिराया गया है। इसकी मुख्यमंत्री तक शिकायत पहुंचाएंगे।