मुजफ्फरनगर. उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में शहर कोतवाली क्षेत्र के पिन्ना बाईपास पर पुलिस और बाइक सवार बदमाश की मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पैर में गोली लगने पर एक बदमाश घायल हो गया। एक सिपाही भी हाथ मे गोली लगने पर घायल हुआ है। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस के अनुसार घायल बदमाश 10000 का इनामी है।
पुलिस के अनुसार बुधवार दोपहर में पुलिस को पीनना बाईपास के निकट बाइक पर सवार एक बदमाश घूमने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी की तो पुलिस को देख कर बदमाश ने तमंचे से पुलिस पर फायर कर दिया। किसी तरह पुलिस ने बदमाश को गिरफ्तार किया।
मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने पर बदमाश घायल हो गया। घायल बदमाश थाना भोपा क्षेत्र के कस्बा भोकरहेड़ी निवासी सोनू पुत्र राजवीर है। उसके खिलाफ गंभीर धाराओं के 18 मुकदमे दर्ज हैं।
सीओ सिटी कुलदीप सिंह ने बताया कि मुठभेड़ में एक सिपाही विकास भी घायल हुआ है। उसे भी अस्पताल में उपचार दिलाया गया है। बदमाश से एक तमंचा व बिना नंबर की बाइक बरामद हुई है।