मुजफ्फरनगर। शुकतीर्थ स्थित दंडी आश्रम में आयोजित तीन दिवसीय भाजपा जिला प्रशिक्षण वर्ग शिविर में क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने कहा कि व्यक्तित्व विकास के लिए निरंतरता जरूरी है। राष्ट्रहित के लिए समयबद्ध होकर कार्य करें।

शुकतीर्थ के दंडी आश्रम में तीन दिवसीय भाजपा जिला प्रशिक्षण वर्ग शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। आश्रम के विद्यार्थियों ने अतिथियों का शंख ध्वनि के बीच चंदन तिलक कर स्वागत किया। शिविर के प्रथम सत्र में बोलते हुए मुख्य अतिथि क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने कहा कि व्यक्तित्व विकास के लिए निरंतरता की आवश्यकता होती है, जिसके लिए हम भारतीय संस्कृति में जीवन यापन करने वाले महापुरुषों से प्रेरणा ले सकते हैं। सफलता के लिए निष्ठा भाव अनुशासित होकर कार्यकर्ता कार्य करें, तो जीत आपकी होगी। आपके व्यक्तित्व का विकास होगा।

सपा कार्यकर्ताओं की छवि गुंडागर्दी की रही है, सपा सरकार में महिलाओं का शोषण आप सभी ने देखा है। पार्टी को मजबूत बनाने के लिए समयबद राष्ट्रहित के लिए कर्म करें। समय को महत्व दें, समय के साथ चलें, सद् व्यवहार करें। विश्व समांतर है, जीवन में अध्ययन का बहुत बड़ा महत्व है। जिससे आपकी नालेज बढ़ेगी, ज्ञान विकास आपके जीवन का महत्वपूर्ण अंग है। कार्यकर्ता संघर्ष करें आपकी क्षमता बढ़ेगी। तब जाकर व्यक्तित्व विकास होगा। सफलता के लिए मेहनत के साथ साथ ज्ञान भी अर्जित करें।

संचालन जिला उपाध्यक्ष विजेंद्र पाल व अध्यक्षता जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला ने की। जिला पंचायत अध्यक्ष डा. वीरपाल निर्वाल, एमएलसी वंदना वर्मा, विधायक विक्रम सैनी, प्रमुख अनिल राठी, सदर प्रमुख अमित चौधरी, जोगेंद्र वर्मा, अमित राठी, विनोद शर्मा चेयरमैन, धर्मेंद्र शर्मा, राम कुमार शर्मा, रविद्र चौधरी, जानसठ चेयरमैन प्रविद्र भड़ाना, जानसठ, प्रदीप नरवाल, संतराम बंजारा, डॉक्टर वीरपाल निर्वाल, सुखदर्शन बेदी आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम मीडिया प्रभारी अचित मित्तल ने बताया की 207 जिला पदाधिकारी व क्षेत्र पदाधिकारी को तीन दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग शिविर में भाग लेंगे, जिसके लिए उत्तर प्रदेश के अनेकों जिले से आए विधायक सांसद आदि वक्ता कार्यकर्ताओं को अपने अनुभव से अवगत कराते हुए भाजपा पार्टी को मजबूत बनाने के लिए आह्वान करेंगे।