सहारनपुर. किसानों और छात्रों की मांग को पूरा करते हुए उप्र राज्य सड़क परिवहन निगम ने गंगोह से करनाल के लिए नई रोडवेज बस सेवा शुरू की है। गंगोह से यह रोडवेज बस रोजाना सुबह सात बजे करनाल के लिए प्रस्थान करेगी। वापसी में बस करनाल से गंगोह होते हुए सहारनपुर आएगी। शाम को सहारनपुर से गंगोह जाकर रात में वहीं रुकेगी। इस बस के चलने से छात्रों और किसानों को अधिक लाभ मिलेगा।
सहारनपुर डिपो के एआरएम जगदीश सिंह ने बताया कि गंगोह से करनाल तक रोडवेज बस चलाने की मांग काफी दिनों से की जा रही थी। नागरिकों की मांग को पूरा करतेे हुए अब गंगोह से करनाल तक रोडवेज बस सेवा शुरू कर दी गई है। यह बस गंगोह से प्रतिदिन सुबह सात बजे करनाल के लिए चलेगी। बस गंगोह से दूधला, चौसाना, बिड़ौली, केरटू होते हुए करनाल जाएगी। वापसी में इसी मार्ग से होकर सहारनपुर आएगी। इससे करनाल से सहारनपुर तक भी यात्रियों को सीधी बस सेवा मिलेगी। साथ ही गंगोह आदि देहात क्षेत्र के किसानों, छात्रों को भी इसका लाभ मिलेगा।
भिवानी बस सेवा बंद की
सहारनपुर परिवहन निगम ने सहारनपुर से भिवानी तक चलने वाली रोडवेज बस सेवा को बंद कर दिया है। डिपो के वरिष्ठ केंद्र प्रभारी उपेंद्र शर्मा ने बताया कि लोड फैक्टर कम होने के कारण इस बस सेवा को बंद करने का निर्णय लिया गया है। सहारनपुर से यह बस प्रतिदिन सुबह वाया शामली, पानीपत, रोहतक होकर भिवानी तक जाती थी। हरियाणा में यात्री बेहद कम मिलने के कारण इस बस सेवा को बंद करने का निर्णय लिया गया है।