बागपत. तीन तलाक पीड़ित दो महिलाओं पर पंचों द्वारा हलाला का दबाव बनाने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिलाओं ने चेतावनी दी कि वे अपनी जान दे देंगी, लेकिन हलाला नहीं करेंगी। पीड़ित महिलाएं भाजपा जिलाध्यक्ष से मिलकर आपबीती बताई।

भाजपा जिलाध्यक्ष सूरजपाल सिंह से शुक्रवार को बड़ौत क्षेत्र की तीन तलाक पीड़ित दो महिलाएं मिलीं। एक महिला ने अवगत कराया कि उनका निकाह दो नवंबर 2021 को शामली के कांधला थाना क्षेत्र के एक युवक के साथ हुआ था। दहेज में बुलेट बाइक व दो लाख रुपये की मांग करने लगे थे। आरोप है कि तीन जेठों ने मिलकर उनके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। पति ने मारपीट कर 15 जनवरी 2022 को तीन तलाक दे दिया था। 26 जनवरी को पंचायत में तलाक दिया। 24 फरवरी को घटना की शिकायत बड़ौत पुलिस से की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। तीन अप्रैल को ससुरालीजन ने घर पर पंचायत की और हलाला का दबाव बनाया।

धमकी दी कि ऐसा नहीं किया तो जान से मार दिया जाएगा। इसी तरह दूूसरी महिला ने बताया कि उनका निकाह करीब दस साल पूर्व मेरठ के युवक के साथ हुआ था। उनके दो बच्चे हैं। पति ने कम उम्र की दूसरी महिला से निकाह करने के लिए उनको तीन तलाक दिया। अब हलाला का दबाव बनाया जा रहा है। दोनों महिलाओं ने कार्रवाई की मांग की।

जिलाध्यक्ष सूरजपाल सिंह का कहना है कि महिलाओं की शिकायत एसपी नीरज कुमार जादौन से की जाएगी। पीड़िताओं को इंसाफ दिलाया जाएगा। उधर, एसपी ने कहा कि पीड़ित महिलाओं की शिकायत मिलने पर आरोपितों के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।

पुलिस-प्रशासन को करनी चाहिए कार्रवाई
भाजपा के अल्पसंख्यक मोर्चा की जिला महासचिव यासमीन के माध्यम से ही पीड़िताएं जिलाध्यक्ष सूूरजपाल सिंह से मिली। यासमीन ने कहा कि पुलिस-प्रशासन को ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करना चाहिए।