मुजफ्फरनगर। जनपद के भोपा में गृह क्लेश के चलते दो महिलाओं ने गंग नहर के अलग-अलग पुल से आत्महत्या करने के इरादे से गंग नहर में छलांग लगा दी। ग्रामीणों ने महिलाओं को निकाला। पुलिस ने महिलाओं को अस्पताल पहुंचाया गया। महिलाओं को स्वजन ले गए। प्रभारी निरीक्षक पंकज राय ने बताया कि शनिवार सुबह भोपा गंग नहर पुल से 28 वर्षीय विवाहिता ने गंग नहर में छलांग लगा दी।
महिला को डूबता देख ग्रामीणों ने शोर मचा दिया। कुछ युवकों ने महिला को गंग नहर से निकाल लिया। बेहोश हालत में महिला को सीएचसी पर लाया गया। होश में आने पर महिला ने अपना नाम-पता पुलिस को बताया। बताया कि पति शराब पीकर मारपीट करता है। उसके पांच वर्षीय बेटा व तीन वर्षीय बेटी हैं। ससुराल सीमली गांव में है तथा वह ककरौली थाना क्षेत्र के बेहड़ा सादात गांव की रहने वाली है। बीते 14 दिन से वह मायके में रह रही थी।
पुलिस ने महिला के स्वजन को सूचना दी। दूसरी ओर, जौली गंग नहर पुल से 30 वर्षीय महिला ने गंग नहर में छलांग लगा दी। निर्माणाधीन पुल पर काम कर रहे मजदूरों ने गंग नहर में कूदकर महिला को निकाल लिया तथा पुलिस को जानकारी दी। महिला को निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया। स्वजन महिला को साथ ले गए। महिला मिर्जा टीला गांव की रहने वाली है।