मुजफ्फरनगर। पशि्चम बंगाल की रहने वाली किशोरी और पुरकाजी क्षेत्र के किशोर में फेसबुक पर दोस्ती के बाद प्रेम प्रसंग हो गया। किशोरी मुस्लिम संप्रदाय की है। ईद पर किशोर बंगाल गया और किशोरी को लेकर अपने गांव आ गया। स्वजन ने दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया। बंगाल पुलिस उन्हें अपने साथ ले गई है, क्योंकि वहां किशोरी के अपहरण का मुकदमा दर्ज है।
पुरकाजी थाना क्षेत्र में खादर के एक गांव निवासी वाल्मीकि समाज के किशोर की फेसबुक पर पश्चिम बंगाल निवासी मुस्लिम किशोरी से दोस्ती हो गई। ईद वाले दिन किशोर बंगाल पहुंच गया और किशोरी भी उससे मिलने रेलवे स्टेशन पर आ गई। दोनों वहां से पहले दिल्ली, फिर रुड़की आदि जगहों पर छिपते रहे। शुक्रवार को किशोरी को लेकर किशोर अपने घर पहुंचा। स्वजन को मामले की जानकारी हुई तो वे दोनों को लेकर पुरकाजी थाने पहुंचे। पुरकाजी थाना पुलिस ने इस संबंध में बंगाल पुलिस से संपर्क साधा।
शनिवार सुबह पश्चिम बंगाल के जिला मुर्शिदाबाद से पुलिस दारोगा विवेकानंद मंडल टीम के साथ पुरकाजी थाने पहुंचे। उन्होंने बताया कि बीती तीन मई को किशोरी लापता हुई थी। चार मई को उसके पिता ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। स्थानीय पुलिस ने लिखा-पढ़ी कर दी है। इसके बाद युगल को ट्रांजिट रिमांड के लिए कोर्ट में पेश किया गया।