मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) की महरायपुर गांव में आयोजित बैठक में वक्ताओं ने किसानों से 29 मई को काकड़ा में होने वाली पंचायत में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया। भाकियू की बैठक छपार क्षेत्र के महरायपुर गांव में रविवार को न्याय पंचायत अध्यक्ष काका प्रधान के आवास पर हुई।

पुरकाजी ब्लाक अध्यक्ष संजय त्यागी ने कहा कि शीर्ष नेतृत्व के आह्वान पर आगामी 29 मई को काकड़ा में सर्वखाप की पंचायत का आयोजन किया जायेगा, जिसमें बड़ी संख्या में किसान प्रतिभाग करेंगे। पुरकाजी ब्लाक के हर गांव से एक ट्रैक्टर व बड़ी संख्या में किसानों के पहुंचने का लक्ष्य दिया गया है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में पंचायत में पहुंचने का आह्वान किया। आधा दर्जन से अधिक युवाओं ने भाकियू की सदस्यता ग्रहण की।

ब्लाक अध्यक्ष संजय त्यागी ने अमन त्यागी, विशु त्यागी, शिवा व कान्हा आदि को टोपी पहनाकर संगठन की सदस्यता दिलाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता ऋतुपूर्ण सिंह प्रधान ने की व संचालन शमशाद ने किया। बैठक में मंगता हसन, कयूम अंसारी, हरिओम त्यागी, आशु त्यागी, सालिम, प्रदीप त्यागी, मनोज त्यागी, मोमिन, मनोज व नईम आदि मौजूद रहे।

भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) की बैठक रविवार को खतौली के मीरापुर रोड स्थित बैंक्वेट हाल में सुखबीर त्यागी की अध्यक्षता में हुई। प्रदेश महासचिव धीरज लाटियान व मंडलाध्यक्ष नवीन राठी ने कहा कि भाकियू का वजूद कायम है। सभी कार्यकर्ता एकजुट हैं। संगठन कमजोर बनाने के मंसूबे सफल नहीं होंगे।

वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. नरेश टिकैत और राष्ट्रीय प्रवक्ता चौ. राकेश टिकैत के साथ प्रत्येक कार्यकर्ता कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। भाकियू ने हमेशा किसानों के हितों के लिए संघर्ष किया हैं। संगठन ने किसानों को संघर्ष करने का रास्ता दिखाया। किसान निडर होकर अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्या बताता है। उन्होंने 29 मई को काकड़ा गांव में प्रस्तावित महापंचायत में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया। बैठक में जिलाध्यक्ष योगेश शर्मा, ब्लाक अध्यक्ष सतेंद्र चौहार, ललित त्यागी, अंकुश प्रधान, सत्यप्रकाश, सचिन चौधरी, अंकित राठी, जुल्फकार, फुरकान, राजवीर सिंह, टीटू, नरसिंह, दिलशाद, गुड्डू, अंकुर चौधरी व रोशन पंडित आदि मौजूद रहे। संचालन मा. भारतवीर आर्य ने किया।