मुजफ्फरनगर. रविवार देर रात से शुरू हुई आंधी-बारिश के बाद मौसम में ठंडक आ गई। न्यूनतम तापमान में काफी गिरावट हुई। सोमवार सुबह मिनिमम तापमान 16.8 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि रविवार सुबह का मिनिमम तापमान 23.2 डिग्री रहा था। देर रात से सुबह तक 20-25 किमी. प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलती रहीं। आर्द्रता 50 से बढ़कर 88 पर पहुंच गई।
मई माह में भीषण गर्मी से लोग परेशान हैं। पारा चढने के कारण लोगों का जीना मुहाल हो रहा था। रविवार देर रात अचानक मौसम बदल गया। तेज हवाओं के बाद आई बारिश से मौसम खुशगवार हो गया। तापमान में काफी गिरावट महसूस की गई। रविवार के मुकाबले सोमवार सुबह 6.4 डिग्री तापमान की गिरावट आई। मौसम में अचानक आई तब्दीली और तापमान में गिरावट के चलते लोगों ने राहत की सांस ली।
किसानों के लिए भी बारिश काफी राहत भरी रही। खेतों में खड़ी ईख की फसल के लिए बारिश काफी मुफीद मानी जा रही है। आम की फसल के लिए भी बारिश काफी लाभदायक हो सकती है। लेकिन आंधी के चलते बागों में नुकसान की आशंका जताई जा रही है।