मुजफ्फरनगर. सनातन धर्म सभा के हॉल में क्रान्ति सेना का प्रथम कार्यकर्ता महासम्मेलन का भारत माता, हिन्दू राज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज व हिन्दू सम्राट पृथ्वीराज चौहान के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्जवलन के साथ शुभारम्भ हुआ।
बुधवार को कार्यक्रम की अध्यक्षता शुकतीर्थ स्थित ब्रह्मविद्या पीठ के संस्थापक दण्डी स्वामी महादेवाश्रम जी महाराज ने की। क्रांतिसेना के कार्यक्रम में सैकड़ों कार्यकर्ताओं के जुटने से प्रशासन भी अलर्ट पर रहा।
कार्यकर्ता सम्मेलन में क्रान्ति सेना अध्यक्ष ललित मोहन शर्मा ने कहा कि देश में विस्फोटक रूप से बढ़ रही मुस्लिम आबादी और देश में घुसे करोड़ों बंगलादेशी व रोहिंग्या देश की सुरक्षा के लिए खतरा बन चुके हैं। कार्यक्रम में श्रीखाटू श्याम महाकाल अखाड़े के महामण्डलेश्वर संजीव शर्मा ने भी अपने विचार रखे।
इस दौरान सहारनपुर मण्डल अध्यक्ष मुकेश त्यागी, वरिष्ठ नेता आनन्द प्रकाश गायल, महिला मोर्चे की मण्डल अध्यक्ष पूनम अग्रवाल, जिला महासचिव राजेश कश्यप, सहारनपुर जिलाध्यक्ष नीरज, जिलाध्यक्ष केशव, अध्यक्ष, राजेश कश्यप आदि उपस्थित रहे।
क्रांति सेना के नेताओं ने पहले शहर में त्रिशूल मार्च निकालने की अनुमति भी प्रशासन से मांगी थी। हालांकि प्रशासन ने केवल सनातन धर्म सभा भवन में कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति ही दी थी।
इसी कारण सम्मेलन स्थल के बाहर काफी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। जब सम्मेलन के बाद कार्यकर्ता लौटने लगे तो पुलिस ने उन्हें अलग-अलग जाने के लिए कहा। कार्यकर्ता सम्मेलन संपन्न होने पर पुलिस ने राहत की सांस ली।