बागपत. यूपी-हरियाणा को जोड़ने के लिए छपरौली में यमुना नदी पर बन रहे पुल के निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए सांसद डाक्टर सत्यपाल सिंह चंडीगढ़ में हरियाणा राज्य के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से मिले।
सांसद डाक्टर सत्यपाल सिंह ने बताया कि छपरौली कस्बे के पास यमुना नदी पर पुल का निर्माण कराया जा रहा है। दो साल से निर्माण का कार्य बेहद ही धीमी गति से हो रहा है। निर्माण कार्य में तेजी आए, इसके लिए वह हरियाणा प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से मिले और पुल का निर्माण कार्य पूरा कराने का अनुरोध किया। इसके अलावा सांसद ने मुख्यमंत्री के साथ पानीपत-छपरौली-मेरठ नेशनल हाईवे पास कराने के लिए भी चर्चा की। इस दौरान उनके साथ संसदीय संयुक्त स्थाई समिति के सदस्य सांसद महेश पोद्दार, बेनी बेहनन, विजय हंसदा, श्याम सिंह यादव मौजूद रहे। सांसद ने बताया कि कोरोना काल के कारण पुल का निर्माण पिछड़ गया है, निर्माणधीन पुल जल्द बने, इसलिए वह मुख्यमंत्री से मिले है।
यमुना नदी पर पुल हरियाणा के हिस्से में नेशनल हाईवे नंबर एक और बागपत में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे को जोड़ेगा। ब्रिज हरियाणा के खोजकीपुर कलां, खोजकीपुर खुर्द, आट्टा, बिलासपुर, हथवाला गांव और बागपत के टांडा, नांगल, कुरड़ी और छपरौली को सीधा जोड़ेगा। यह पुल हरियाणा के समालखा में नेशनल हाईवे नंबर-वन से कनेक्ट होगा और दूसरी तरफ बागपत के छपरौली बड़ौत रोड पर दिल्ली-सहारनपुर हाईवे से कनेक्ट होगा।