मुजफ्फरनगर. सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के आर्य समाज रोड पर सिद्धार्थ कालोनी में जूता व्यापारी की पुत्रवधू को मंगलवार को संदिग्ध हालत में गोली लगी थी। ससुर ने दावा किया था कि पुत्रवधू ने खुद ही गोली मारी है। स्वजन ने उन्हें गंभीर हालत में एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया था। पुलिस ने लाइसेंसी पिस्टल को कब्जे में लेकर जांच शुरू की थी। उधर, पुलिस को इस मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है।

सिद्धार्थ कालोनी निवासी लिबर्टी शोरूम के मालिक अजय अग्रवाल की पुत्रवधू 32 वर्षीय सौम्या सोमवार देर रात अपने कमरे में आराम कर रही थीं। इसी बीच पति अंशुल अग्रवाल से सौम्या का किसी बात पर विवाद हो गया। इसी बीच कमरे से गोली चलने की आवाज आयी और वह लहूलुहान हो गईं। स्वजन कमरे में पहुंचे और घायल सौम्या को जिला अस्पताल ले गए, जहां से उन्हें रेफर कर दिया था। इसके बाद महिला को ऋषिकेश एम्स में भर्ती कराया गया। सिविल लाइंस इंस्पेक्टर संतोष त्यागी ने बताया कि लाइसेंसी पिस्टल से गोली लगी, जिसे कब्जे में ले लिया गया था। जिस कमरे में घटना हुई, उसे भी सील कर दिया गया।

पुलिस की शुरुआती पूछताछ में पता चला कि दोपहर के खाने से जुड़ी किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था। इसे लेकर दोनों की आपस में कहासुनी हो रही थी।

बरेली के फरीदपुर निवासी राजीव अग्रवाल की बेटी सौम्या की शादी 2015 में अजय अग्रवाल के बेटे अंशुल अग्रवाल से हुई थी। सिविल लाइंस इंस्पेक्टर संतोष त्यागी ने बताया कि इनकी तीन वर्ष की गोद ली हुई एक बेटी है। अंशुल ने फेसबुक पर अपनी प्रोफाइल में खुद को लिबर्टी का डीलर बताया है। खाने को लेकर बेटा और पुत्रवधू में कहासुनी हुई थी। बेटा रसोई में पानी पीने गया था। इसी दौरान पुत्रवधू ने अलमारी से लाइसेंसी पिस्टल निकालकर गोली मार ली। हम पुत्रवधू को लेकर एम्स ऋषिकेश पहुंचे हैं। उपचार चल रहा है।

सिविल लाइन इंस्पेक्टर संतोष त्यागी ने बताया कि अभी तक इस संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है। सौम्या के मायके वालों ने भी संपर्क नहीं किया है। शुरुआती जांच में पति-पत्नी के विवाद में खुद को गोली मारने की बात सामने आ रही है। हालत में सुधार होने पर महिला और अन्य लोगों के बयान लिए जाएंगे।