मुजफ्फरनगर. जूता कारोबारी की पुत्रवधू को गोली लगने के मामले में महिला के पिता ने सिविल लाइंस थाने में तहरीर दी है। तहरीर में बेटी के पति और ससुर पर हत्या के प्रयास का आरोप लगाया गया है। सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के आर्य समाज रोड स्थित सिद्धार्थ कालोनी निवासी जूता कारोबारी की अजय अग्रवाल की पुत्रवधू पुत्रवधू सौम्या पत्नी अंशुल सोमवार देर रात सिर में गोली लगने से घायल हो गई थी।

फिलहाल उसका ऋषिकेश एम्स में उपचार चल रहा है। बुधवार देर रात बरेली के फरीदपुर निवासी सौम्या के पिता स्वजन के साथ सिविल लाइंस थाने में पहुंचे। सौम्या के पिता राजीव अग्रवाल ने थाने में तहरीर देते हुए बताया कि 25 नवम्बर 2015 को उन्होंने अंशुल के साथ सौम्या की शादी की थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज की लगातार मांग कर रहे थे। इतना ही नहीं कोई संतान न होने पर उन्होंने ही एक बेटी को गोद दिलाया था। आरोप है कि कई बार ससुराल वाले सौम्या की हत्या का प्रयास कर चुके हैं।

सोमवार रात को सौम्या को गोली लगने के बाद भी सही जानकारी नहीं दी गई। राजीव अग्रवाल ने तहरीर में अंशुल और उसके पिता अजय अग्रवाल पर हत्या के प्रयास का आरोप लगाया है। इतना ही नहीं राजीव अग्रवाल का कहना है कि बेटी के उत्पीड़न की सूचना उन्होंने फरीदपुर कोतवाली में भी दी थी।

सिविल लाइंस इंस्पेक्टर संतोष त्यागी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। उधर, ऋषिकेश एम्स में भर्ती सौम्या की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस पिस्टल को कब्जे में लेकर जिस कमरे में गोली लगी थी उसे सील कर चुकी है। पिस्टल का लाइसेंस सौम्या के पति अंशुल के नाम पर है।