मुजफ्फरनगर। पुलिस ने पावटी खुर्द के पूर्व प्रधान शराफत त्यागी की हत्या में नामजद आरोपी दानिश त्यागी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्यारोपी निवर्तमान प्रधान हुसन आरा का पुत्र है। घटना में नामजद चार आरोपी अभी फरार है।
एक हफ्ते पूर्व पावटी गांव के पूर्व प्रधान शराफत त्यागी की गला दबाकर हत्या कर दी थी। मृतक के समर्थकों ने निवर्तमान हुसन आरा के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों में धांधली का आरोप लगाकर जांच कराई थी। अफसरों ने जांच में करीब सात लाख की धांधली पाई थी। करीब दो साल पहले दानिश त्यागी ने प्रधान रही मां द्वारा कराए विकास कार्यों की जांच रिपोर्ट को चुनौती देते हुए डीएम से पुनः जांच की मांग की गई थी। तब से वह जांच रिपोर्ट ठंडे बस्ते में पड़ी है। तभी से दोनों पक्षों में रंजिश चली आ रही है।
11 जून की रात को गांव में चल रहे सड़क निर्माण को लेकर पूर्व प्रधान शराफत और दानिश में कहासुनी हो गई थी। उसके बाद गुस्साए दानिश अपने घर से परिजनों को साथ शराफत के मकान पर धावा बोल दिया था। घर के अंदर पूर्व प्रधान शराफत की गला दबाने से मौत हो गई थी। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी दानिश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।