मुजफ्फरनगर। जनपद में हो रहे पंचायत चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी की ओर से बागी कार्यकर्ताओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। लगातार चेतावनी के बावजूद भी पंचायत चुनाव में पार्टी की ओर से घोषित अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव मैदान में उतरे या पार्टी के प्रत्याशियों से अलग दूसरे प्रत्याशियों के साथ चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाने वाले कार्यकर्ताओं को पार्टी से बाहर कर दिया गया है।

भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला ने बताया कि पंचायत चुनाव के दौरान प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने स्पष्ट कर दिया था कि पार्टी के द्वारा घोषित समर्थित उम्मीदवारों के खिलाफ कोई अन्य पार्टी का कार्यकर्ता चुनाव नहीं लड़ेगा और ना ही पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ दूसरे प्रत्याशियों को चुनाव लड़ाने में सक्रिय भूमिका निभाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ गंभीर कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई थी।

उन्होंने बताया कि चेतावनी के बावजूद भी जनपद के जिला पंचायत सदस्य पद पर हो रहे चुनाव में कई वार्ड में पार्टी के कार्यकर्ता पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव मैदान में उतरे हुए हैं। ऐसे कार्यकर्ताओं को कई बार चेतावनी दी गई लेकिन वह चुनाव से नहीं हटे। पार्टी हाईकमान को इस संबंध में अवगत कराया गया। शीर्ष नेतृत्व से आदेश प्राप्त होने के बाद ऐसे 30 कार्यकर्ताओं को भारतीय जनता पार्टी से 6 वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया गया है।