मुजफ्फरनगर. नगर पालिका परिषद की ओर से शहर की दाल और आलू मंडी में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया। दुकानदारों से 26 किलो सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त की गई और इन पर 60 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया।

चेतावनी दी गई कि यदि आगे से प्रतिबंधित पालीथिन या प्लास्टिक मिला तो सख्त कार्रवाई होगी। सिटी मजिस्ट्रेट अनूप कुमार श्रीवास्तव ने नगर पालिका के अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक ली। उन्हें शहर में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए। पालिका की टीम ने शहर की दाल और आलू मंडी में चेकिंग अभियान चलाया।

सिंगल यूज प्लास्टिक के विक्रय व उपयोग के खिलाफ कार्रवाई की गई। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि पहली जुलाई से सिंगल यूज प्लास्टिक वस्तुओं का विनिर्माण, आयात, भंड़ारण, वितरण, बिक्री और उपयोग प्रतिबंधित किया गया है। डेढ़ दर्जन से अधिक ऐसी सामग्री प्रतिबंधित की गई हैं, जो दैनिक उपयोग का हिस्सा बन गई है।

बताया कि टीम ने शनिवार को दाल मंडी एवं आलू मंडी से 26 किलो सिंगल यूज प्लास्टिक को जब्त किया गया। भंड़ारण मिलने पर दुकानदारों से 60 हजार रुपये का जुर्माना वसूला है। दुकानदारों को चेताया गया कि दोबारा प्रतिबंधित प्लास्टिक पाए जाने चार गुणा तक जुर्माना वसूला जाएगा।

वहीं, अधिशासी अधिकारी हेमराज सिंह ने शहरवासियों से सिंगल यूज प्लास्टिक वस्तुओं का विक्रय व उपयोग न करने की अपील की है। अभियान में कर अधीक्षक आईडी पौडवाल, राजस्व निरीक्षक विजय कुमार, आकाशदीप आदि मौजूद रहे।