गाजियाबाद। कौशांबी थाना पुलिस ने रविवार को भोवापुर में सोतीगंज, मेरठ की तर्ज पर चोरी के दोपहिया वाहन काटकर कल-पुर्जे बेचने वाले गिरोह का राजफाश किया है। गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार करके चोरी के सात वाहन और सैकड़ाें वाहनों के कल-पुर्जे बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक नगर द्वितीय ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों की पहचान कबरा किशनपुर थाना शेरगढ़ जिला बरेली के परवेज, हिना नागला थाना केमरी जिला रामपुर के नाजिम, सुंदरनगरी दिल्ली के सलमान, धातरा कोतवाली नगर जिला हाथरस के शाकिर उर्फ सुलेमान और जीडीए मार्केट अर्थला के विक्रम के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला है कि पांचों शातिर वाहन चोर हैं।
गाजियाबाद व दिल्ली-एनसीआर से वाहन चोरी करते थे। उन्हें भोवापुर में बनाए गए गोदाम में लाते थे। उन्हें काटकर कल-पुर्जे बेचते थे। उनके पास से चोरी की पांच बाइक, एक स्कूटी व एक मोपेड मिला है। सैकड़ों वाहनों के कल-पुर्जे मिले हैं। पूछताछ में आरोपितों ने बताया है कि एक हजार से ज्यादा वाहन चोरी करके काट चुके हैं।
पुलिस क्षेत्राधिकारी इंदिरापुरम अभय कुमार मिश्र ने बताया कि गिरोह ने भोवापुर में ब्रह्म सिंह के मकान में बनाए गोदाम को किराए पर लिया। उसे अंदर से बंद रखते थे। अंदर वाहनों को काटते थे। गिरोह के दो सदस्य व गोदाम मालिक फरार है। उन्होंने बताया कि काके नामक चोर की विक्रम से जेल में मुलाकात हुई थी। जेल से छूटने पर दोनों ने वाहन चोरी और उन्हें काटकर कल-पुर्जे बेचने का गिरोह बनाया। उसमें अन्य सदस्यों को शामिल किया। करीब एक साल से गिरोह चल रहा था।