मेरठ। 15 फीट सूखे कुएं में गिरे सांड को बचाने के लिए पूरा गांव उमड़ पड़ा। सांड को बचाने के लिए युवक को कुएं में उतारा गया। इसके साथ ही जेसीबी मशीन भी लगाई गई। करीब एक घंटे के प्रयास के बाद सांड को कुएं से जीवित निकाल लिया गया। लेकिन इस दौरान सांड घायल हो गया। घटना रामपुर पावटी गांव की है। जहां पर दौड़ते हुए एक सांड अचानक 15 फीट सूखे कुएं में गिर गया। सांड को कुएं से निकालने के लिए गांव के लोग मौके पर पहुंचे वहीं गौ सेवा करने करने वाले युवाओं को इसकी सूचना दी गई। सूचना पर वो तत्काल मौके पर पहुंचे और जेसीबी मशीन डालकर उसे 15 मिनट में बाहर निकाला गया। लड़कों ने सांड को अस्पताल में इलाज करवाकर ठीक भी करवाया।
गौ संरक्षण के लिए तत्पर युवक नीरज गौ सेवा टीम से जुड़े हैं। नीरज ने बताया कि रामपुर पावटी गांव से फोन आया कि एक सांड कुएं में गिर गया है। सूचना पर हम वहां पहुंचे। कुआं काफी गहरा था। बिजार को बाहर निकालने के प्रयास किए। गांव वालों की मदद लेकर हमने बांस और पाइपों के सहारे सांड को बाहर निकालने की कोशिश की मगर गोवंश बाहर नहीं आया। तब नगर निगम की मदद ली और जेसीबी मशीन मंगवाई।
जेसीबी मशीन आने पर नितिन, साथी सोनू की मदद से कुएं में उतरा। रस्से का फंदा बनाकर इससे सांड को जेसीबी से बांधा। सांड इतना ताकतवर और घबराया हुआ था कि वो युवक पर हमला कर सकता था। लेकिन युवक ने जान की परवाह किए बिना साहस दिखाया और सांड को बांधा। इसके बाद जेसीबी की मदद से सांड और युवक दोनों को कुएं से बाहर खींचा गया।