मुजफ्फरनगर. कोतवाली क्षेत्र के इस्लामनगर में एक सिलेंडर में आग लगने से घर का लाखों का सामान जलकर राख हो गया। हादसे में कई लोगों के झुलसने की जानकारी भी मिली है। चूल्हे पर खाना बनाते समय गैस लीकेज होने से हादसा होना बताया गया है।

मोहल्ला इस्लामनगर निवासी आबिदा सोमवार की सुबह रसोई में रखे गैस सिलेंडर पर खाना बना रही थी। इसी दौरान सिलेंडर में अचानक आग लग गई। आग लगते ही महिला रसोई से बाहर की ओर दौड़ी। कुछ ही देर में आग ने भयानक रूप ले लिया। जिससे रसोई में रखा लाखों कीमत का सामान भी जलकर राख हो गया।

वही घर में रखे सिलेंडर में लगी आग से मचे शोर की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर दौड़े। कुछ लोगों ने छत पर रखे सिलेंडर को हिम्मत जताते हुए घर से बाहर फेंका। सिलेंडर में लगी आग की सूचना फायर विभाग को भी दी गई, लेकिन सूचना के घंटों बाद भी मौके पर नहीं पहुंची।

फायर ब्रिगेड के कर्मचारी जब मौके पर पहुंचे तब तक आग पूरी तरह से बुझ चुकी थी। महिला के परिजनों ने बताया कि सिलेंडर 4 दिन पहले ही लगाया गया था। तभी से सिलेंडर से गैस लीकेज हो रही थी। एजेंसी संचालक को भी गैस लिकिज के बारे में बताया गया । लेकिन उसने भी समस्या का समाधान नहीं हुआ।

बताया गया है कि जिस समय सिलेंडर में आग लगी उस समय घर में बच्चों महिला समेत 12 लोग मौजूद थे। जिसमें से कई लोगों के आग से झुलसने की भी जानकारी मिली है। घटना के दौरान मोहल्ले में अफरा तफरी मची रही।