मुजफ्फरनगर. शिव की भक्ति का प्रतीक माने जाने वाले सावन का महीना आज से शुरू हो गया। पहले ही दिन भगवान आशुतोष के प्रति आस्था और श्रद्धा का सैलाब शिवालयों में उमड़ पड़ा। एक और शिवभक्त कांवड लेकर शहर में पहुंचने लगे हैं, वहीं सावन के पहले दिन श्रद्धालुओं ने भगवान आशुतोष का जलाभिषेक किया।
इस दौरान शिवालयों में भोलेनाथ के जयकारे गूंजते रहे। शहर के शिव चौक स्थित शिव मूर्ति के साथ ही गांधी कालोनी स्थित अनंतेश्वर महादेव मंदिर में सवेरे से ही भगवान शिव की पूजा अर्चना और जलाभिषेक करने के लिए शिव भक्तों की कतार लगी रही।
सावन के पहले दिन गुरूवार को महादेव का जलाभिषेक करने के लिए शिवालयों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने शिवालयों में पहुंचकर लंबी-लंबी कतारों में लग भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। सनातन धर्म के अनुसार श्रावण मास भगवान शिव को अति प्रिय है। भगवान शिव ऐसे देवता हैं जो एक लोटा जल से प्रसन्न हो जाते हैं। श्रावण मास के शुरू होते ही शिवालयों को बंधनवारों, तोरणद्वारों आदि से भव्य रूप से सजाया गया है।
शहर के शिव चौक स्थित शिव मूर्ति और गांधी कालौनी के अनंतेश्वर महादेव मंदिर तथा प्राचीन भौरों का मंदिर समेत अन्य मंदिरों में श्रलाद्धुओं की कतार लगी हुई थी। मंदिर में भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कराया जा रहा था। भक्तों ने भगवान आशुतोष का जलाभिषेक किया।
बेल पत्र और दूध के साथ भगवान शंकर का अभिषेक किया गया। सावन का पहला दिन होने के कारण भगवान शिव की भक्ति की अटूट आस्था का नजारा शहर से गांव तक दिखाई दिया। पूजा अर्चना के साथ ही पूरे दिन मंदिरों में घंटे-घड़ियाल गूंजते रहे। शहर के गली मुहल्लों में शिवालयों पर भक्तों का तांता लगा रहा।
शहर की हृदय स्थली कहे जाने वाले शिवचौक स्थित शिव मंदिर, अनंतेश्वर महादेव मंदिर गांधी कालोनी, श्यामा श्याम मंदिर गांधीनगर, नवीन मंडी स्थित शिव मंदिर, नई मंडी स्थित शिव मंदिर, द्वारिकापुरी स्थित शिव मंदिर, पंचमुखी स्थित शिव मंदिर, दक्षिणी कृष्णापुरी स्थित शिव मंदिर और न्यू एसडी कॉलेज स्थित शिव मंदिर समेत सभी शिवालयों पर महादेव को प्रसन्न करने के लिए भक्तों ने कतारों में लगकर जलाभिषेक किया।