मुजफ्फरनगर. शहर में विभिन्न स्थानों पर लगे यूनिपोल (होर्डिंग्स व बैनर) पर नगर पालिका के द्वारा कांवड़ियों के स्वागत को लेकर बैनर लगे है। इस बैनर में भाजपा के दो सभासदों के फोटो नहीं लगाए गए है। इस मामले को लेकर विवाद खडा हो गया है। पालिकाध्यक्ष और शिकायतकर्ता सभासद के बीच का विवाद अब सड़क पर आ गया है। इस विवाद के कारण उक्त बैनर पर दोनों सभासदों के फोटो नहीं लगाए गए है।
सभासदों के इस शिकायत पर नगर पालिका प्रशासन को जवाब देना भारी हो गया है। जिला प्रशासन ने इस मामले में ईओ से जवाब मांगा है। उधर नगर पालिका प्रशासन ने ठेकेदार को बैनर पर निवेदक में लिखे नगर पालिका अधिकारी और कर्मचारी शब्द को हटाने के निर्देश दिए हैं। ईओ हेमराज सिंह का कहना है कि नगर पालिका के द्वारा उक्त बैनर नहीं लगाए गए हैं।
कांवड़ यात्रा को लेकर शहर में विभिन्न स्थानों पर नगर पालिका के द्वारा कांवड़ियों के स्वागत को लेकर यूनिपोल और होर्डिंग्स पर बैनर लगाए गए है। इस बैनर पर प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, जनपद के दोनों मंत्री और पालिकाध्यक्ष व भाजपा के दो सभासदों को छोड़कर सभी सभासदों के फोटो लगाए गए हैं। शहर में विभिन्न स्थानों पर लगे बैनर में सभासद राजीव शर्मा और मनोज वर्मा का फोटो नहीं है। उनके नाम और वार्ड संख्या को दर्शाया गया है। वहीं बैनर में निवेदक के रूप में नगर पालिका अधिकारी और कर्मचारी लिखा हुआ है।
दोनों सभासदों के द्वारा बैनर में अपना फोटो न लगे होने की शिकायत की गई। शिकायत शासन और जिला प्रशासन के पास पहुंची तो नगर पालिका के अधिकारियों में हड़कम्प मच गया। जिला प्रशासन बार बार इस मामले में नगर पालिका ईओ से जवाब मांग रहा है। उधर खुफिया विभाग में ईओ से जवाब तलब कर रहा है। इस मामले में ईओ ने सख्त कदम उठाते हुए ठेकेदार को उक्त बैनर में निवेदक के रूप में लिखे नगर पालिका अधिकारी और कर्मचारी शब्द को हटाने के निर्देश दिए हैं।
“शहरी क्षेत्र में नगर पालिका के द्वारा उक्त बैनर नहीं लगाए गए हैं। इस मामले में नगर पालिका प्रशासन की कोई भूमिका नहीं है। नगर पालिका का कोई भी अधिकारी और कर्मचारी इसमें निवेदक नहीं है। जिस व्यक्ति के द्वारा यह किया गया है बहुत की गलत है। पालिका के द्वारा इस प्रकार का कोई भी होर्डिंग्स नहीं लगाया गया है।”