मुजफ्फरनगर. मुजफ्फरनगर में शिव चौक के समीप लगाई जा रही एलईडी स्क्रीन को पुलिस ने सुरक्षा कारणों के चलते उतरवा दिया। पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए एडवरटाइजर ने एलईडी पर चढ़कर आत्मदाह का प्रयास किया। मौजूद पुलिस कर्मियों ने एडवरटाइजर को हिरासत में लेकर थाने ला बैठाया।
शहर की ह्रदयस्थली माने जाने वाला शिव चौक क्षेत्र कांवड़ यात्रियों के आवागमन के चलते लोगों के आकर्षण का भी केन्द्र बना हुआ है। शिव चौक के सामने पुराने डाकखाने से सटाकर एक एडवरटाइजर के माध्यम से एलईडी लगाई जा रही थी। सुरक्षा कारणों के मद्देनजर जिला प्रशासन ने एलईडी न लगाए जाने के आदेश संबंधित को दिये थे।
सूत्रों की मानें तो एडवरटाइजर को इस संबंध में रविवार को ही अवगत करा दिया गया था। लेकिन सोमवार सुबह तक एलईडी नहीं हटाई गई तो पुलिस ने अपनी मौजूदगी में क्रेन की मदद से उसे उतरवा दिया। जिसके बाद एडवरटाइजर अमित जैन निवासी भरतिया कालोनी भी मौके पर पहुंच गया।
एलईडी उतारने का विरोध करते हुए एडवरटाइजर अमित जैन क्रेन पर चढ़ गया और आत्मदाह का प्रयास किया। इस दौरान माैके पर मौजूद शहर कोतवाली पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। जिसके उपरांत उसे शहर कोतवाली ले जाया गया।