लोनी. लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र के पंचवटी कॉलोनी में हुई महिला की हत्या के मामले में परिजनों ने ससुराल पक्ष के 6 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। परिजनों ने पैसों की मांग पूरी नहीं करने पर हत्या का आरोप लगाया। उधर पुलिस ने हत्या आरोपी देवर को गिरफ्तार कर लिया है। देवर के कब्जे से हथोड़ा बरामद हुआ है। पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।
टिंवकल की मां ने आरोप लगाया है कि गौरव की मौत के बाद कंपनी में टिंवकल की नौकरी लग गई थी। वह नौकरी कर रही थी। गौरव की मौत के बाद कंपनी से करीब 4 लाख रुपये बीमा के मिलने थे। पैसों के चक्कर में ससुराल पक्ष के लोगों ने हत्या कर दी। वह ट्विंकल से वेतन भी मांगते थे। गीता ने बताया कि रविवार रात करीब साढ़े 11 बजे उन्होंने अपनी बेटी से फोन पर बात की। फोन पर झगड़ा नहीं होने की बात कही थी।
पुलिस ने आरोपी अभिषेक से पूछताछ की। पूछताछ में अभिषेक ने बताया कि उनकी भाभी किसी के फोन पर बात करती थी। वह मना करते थे, लेकिन वह नहीं मानती थी। इसके चलते अभिषेक ने उसकी हत्या की है। ढाई घंटे बाद पुलिस को सूचना दी गई।
जिस मकान में हत्या हुई है, उस मकान के ऊपर और नीचे वाली मंजिल में परिवार के अन्य सदस्य सो रहे थे। हत्या के बाद परिवार के सदस्य घर पर मौजूद थे। हत्या के करीब ढाई घंटे बाद परिवार के सदस्यों ने पुलिस को सूचना दी। इस ढाई घंटे में परिवार के सदस्यों ने क्या किया, पुलिस इस बात की जांच कर रही है। वहीं पुलिस पैसों के लेनदेन, जमीन विवाद के चलते हत्या के एंगल पर जांच कर रही है। लोनी सीओ रजनीश कुमार उपाध्याय ने बताया कि मामले में देवर समेत 6 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपी अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया है।
मेरठ के खानपुर गांव में रहने स्व. अजीत ने अपनी बेटी टिंवकल की शादी लोनी के पंचवटी गांव में रहने वाले सैनू के बेटे गौरव के साथ की थी। गौरव दिल्ली स्थित एक प्राइवेट कंपनी में जॉब करते थे। करीब 8 माह पूर्व गौरव की मुरादनगर में सड़क हादसे में मौत हो गई थी। इसके बाद टिंवकल के तीन बच्चे नक्क्ष (4), दक्ष (3) और नायरा (2) ससुराल पक्ष के साथ रह रहे थे। ससुराल में देवर अभिषेक, जेठ रोहित, ससुर सैनू, सास गीता, जेठानी काजल, ननद मोनिका हैं। देवर अभिषेक ने टिंवकल के कमरे में घुसकर उसके सिर पर हथौड़ा मारकर हत्या कर दी।