लखनऊ. यूपी में अब श्रमिकों के बच्चे भी बोर्डिंग स्कूल में पढ़ाई कर सकेंगे। इसके लिए प्रदेश के 18 मंडलों में अटल आवासीय विद्यालय खोले जाएंगे। आगरा के फतेहपुर सीकरी के कौरई गांव में स्कूल का निर्माण कराया जा रहा है। इस पर 1281 करोड़ का खर्च आएगा। एक स्कूल के निर्माण 71.15 करोड़ के खर्च का अनुमान है। निर्माणाधीन स्कूल एक हजार छात्र-छात्राओं की क्षमता वाला होगा।

ये स्कूल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल है। इस स्कूल में स्टूडेंट्स के लिए हॉस्टल भी बनाए जाएंगे। अटल आवासीय विद्यालय में पंजीकृत श्रमिकों के बच्चों को शिक्षा दी जाएगी। यहां CBSE और ICSE पैटर्न के आधार पर पढ़ाई होगी। इस स्कूल की पूरी जिम्मेदारी श्रम विभाग को सौंपी गई है।

अक्टूबर में तैयार हो जाएगा भवन
ये स्कूल नवोदय विद्यालय की तर्ज पर तैयार रहा है। यहां पर श्रमिकों के बच्चों को क्वालिटी एजुकेशन मुहैया कराई जाएगी। ताकि वह समाज की मुख्यधारा के साथ मिलकर देश के विकास में अपना योगदान दे सकें। फतेहपुर सीकरी के कौरई गांव में मई 2021 में अटल आवासीय विद्यालय का निर्माण शुरू हुआ था। इसका निर्माण तेजी से चल रहा है, उम्मीद है कि अक्टूबर माह के अंत तक भवन बनकर तैयार हो जाएगा।

अगले सत्र से होगा एडमिशन
इस विद्यालय में श्रमिकों के 6 से 14 साल तक की आयु के बच्चे एडमिशन ले सकेंगे। यहां पर प्राथमिक, जूनियर हाईस्कूल और माध्यमिक शिक्षा की पढ़ाई होगी। इनका चयन काउंसलिंग के आधार पर होगा। उम्मीद है कि नए शिक्षा सत्र 2023 में विद्यालय में छात्रों की प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।

ये होगी खासियत
अटल आवासीय विद्यालय में 4 पूर्णकालिक अध्यापक, 3 अंशकालिक अध्यापक, एक वार्डेन, एक लेखाकार, 4 चौकीदार/ चपरासी, एक रसोइया एवं एक सहायक रसोइया होगा। स्कूल में 5 कक्ष होंगे, जिनमें से एक कक्ष अध्यापकों के लिए, एक कक्ष कार्यालय के लिए और तीन कक्ष बच्चों की शिक्षा के उपयोग के लिए होंगे। इसमें 3 शौचालय, स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था के साथ ही बिजली की व्यवस्था भी होगी।

गरीब छात्रों को मिलेगी सुविधा
आगरा मंडल के उप श्रमायुक्त दीप्तिमान भट्ट ने बताया, “भवन निर्माण का कार्य लोक निर्माण विभाग, आगरा कार्यदायी संस्था के रूप में देख रहा है। भवन निर्माण का 90% काम पूरा हो चुका है। श्रमिक वर्ग के नागरिकों का विकास करने के लिए और उन्हें पढाई के महत्व को समझाने के लिए यूपी सरकार के द्वारा यह योजना शुरू की गयी है। इसमें उन सभी गरीब बच्चों को पढाई को मौका मिलेगा, जो खराब आर्थिक स्थिति के कारण स्कूलों में प्रवेश नहीं ले पाते हैं।”

इन 18 मंडलों में खुलेंगे विद्यालय
आगरा मंडल के अलावा झांसी मंडल के ललितपुर, देवीपाटन मंडल के गोंडा, आजमगढ़ मंडल के आजमगढ़, मेरठ के बुलंदशहर, लखनऊ मंडल के लखनऊ, कानपुर मंडल के कानपुर नगर, प्रयागराज मंडल के प्रयागराज, सहारनपुर मंडल के मुजफ्फरनगर, मिर्जापुर मंडल के सोनभद्र, बस्ती मंडल के बस्ती, अलीगढ़ मंडल के अलीगढ़, अयोध्या मंडल के अयोध्या, चित्रकुटधाम मंडल के बांदा, बरेली मंडल के बरेली, मुरादाबाद मंड़ल के मुरादाबाद, गोरखपुर मंडल के गोरखपुर और वाराणसी मंडल के वाराणसी जिले में तैयार होना है।

यह सुविधाएं होंगी मौजूद

नि:शुल्क शिक्षा, रहने एवं खाने की सुविधा।
स्वच्छ पेयजल की सुविधा।
खेलकूद एवं मनोरंजन से जुड़ी सभी प्रकार की सुविधाएं।