मेरठ।  मेरठ में दिल्ली-देहरादून हाईवे पर शुक्रवार रात हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। वलीदपुर गांव के सामने सड़क किनारे खड़ी रोडवेज बस में हरिद्वार की ओर से आ रही कार पीछे से घुस गई। परिवार के लोग हरिद्वार में बेटे की अस्थियां विसर्जित करके लौट रहे थे। मरने वालों में युवक के चाचा और ससुर शामिल हैं। बताया गया कि इस दर्दनाक हादसे में पत्नी और कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि, छह महीने की बच्ची बाल-बाल बच गई।

दिल्ली के विजय पार्क मौजपुर की रहने वाली आकांक्षा (24) के पति प्रिंस गुप्ता (30) की मौत हो गई थी। पति की अस्थियां विसर्जित करने के लिए शुक्रवार को आकांक्षा पिता राकेश गुप्ता (58) निवासी भजनपुरा, प्रिंस के चाचा दीपक गुप्ता (56) और छह माह की बेटी आरवी के साथ गई थी। कार लोनी निवासी चालक फिरोज चला रहा था। अस्थियां विसर्जन के बाद परिवार दिल्ली लौट रहा था।

वहीं, हाईवे पर वलीदपुर गांव के सामने रोडवेज की बस में पंक्चर होने के कारण वह साइड में खड़ी थी। चालक टायर बदल रहा था। इसी दौरान यह हादसा हो गया। एंबुलेंस से घायलों को मोदीपुरम स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया। रास्ते में आकांक्षा के पिता राकेश गुप्ता और चचेरे ससुर दीपक गुप्ता की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल आकांक्षा और कार चालक फिरोज का उपचार किया जा रहा है।