कासगंज. कोतवाली गंजडुंडवारा में चार साल की बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपी बच्ची को लेकर खेत गया। वहां पर रेप की घटना को अंजाम दिया। बच्ची को पुलिस ने जिला चिकित्सालय कासगंज में भर्ती कराया है। जहां उसका चिकित्सीय परीक्षण कराया जाएगा। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
मामला गंजडुंडवारा इलाके के एक गांव का है। मंगलवार देर शाम एक किसान के खेत में सबमर्सिबल पंप बोरिंग हो रही थी। बोरिंग करने के लिए मुजफ्फरनगर से कारीगर आए हुए थे। दोपहर करीब 3 बजे सबमर्सिबल पंप बोरिंग का काम समाप्त हो गया था। अन्य मिस्त्री एवं मजदूर चले गए। उसी दौरान 4 वर्षीय मासूम बच्ची खेलते हुए अरहर के खेत में पहुंच गई। उस समय बोरिंग करने वाले में से एक मजदूर भी वहीं था। ग्रामीणों ने बताया कि शाम के समय एक 4 साल की बच्ची को खेत पर जाते देखा। थोड़ी देर बाद बच्ची के चीखने चिल्लाने की आवाज आई।
इसके बाद जल्दी से खेतों की तरफ दौड़ पड़े। देखा कि बोरिंग करने वाला एक मजदूर बच्ची से दुष्कर्म कर रहा था। आरोपी को मौके से ही दबोच लिया गया। घटना की जानकारी पुलिस एवं बच्ची के परिजनों को दी गई। मौके पर पुलिस पहुंची।
बच्ची को जिला अस्पताल कासगंज में भर्ती कराया गया। बच्ची की हालत गंभीर है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ कर रही है। पहले तो आरोपी ने दुष्कर्म की बात से इंकार किया। फिर उसने जुर्म को कुबूल लिया। आरोपी पिंटू ने बताया कि वह मुजफ्फरनगर का निवासी है। सबमर्सिबल पंप बोरिंग का काम करता है।
पुलिस अधीक्षक बीबीजीटी एस मूर्ति ने बताया कि दुष्कर्म की सूचना मिली है। मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मासूम बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। घटनास्थल का भी निरीक्षण किया गया। आगे की कार्रवाई की जा रही है।