शाहपुर. घने कोहरे के बीच सुबह शुरू हुए मतदान में उस समय तेजी देखने को मिली जब सूर्यदेव ने दर्शन दिए। सुबह 7 बजे शुरू हुआ मतदान धीमी गति से चला। गांव दुल्हेरा में बूथ संख्या 37 पर तकनीकी खराबी होने के कारण दो घंटे तक बंद रही। दूसरी ईवीएम आने के बाद मतदान शुरू हुआ। वहीं गांव सोरम के कन्या प्राइमरी स्कूल के बूथ संख्या-297 पर भी एक घंटे तक मतदान बाधित रहा। गांव बसीकला में फर्जी मतदान को लेकर हंगामा हो गया। भाजपा प्रत्याशी उमेश मलिक ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। कस्बा शाहपुर के कन्या इंटर कालेज पर फर्जी मतदान कर रहे एक युवक को भाजपा प्रत्याशी उमेश मलिक ने रंगे हाथों पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। गांव सोरम में शादी के दौरान दुल्हन अनु गोस्वामी ने वरमाला के उपरांत मतदान केंद्र पर जाकर मताधिकार का प्रयोग किया। चरथावल विधानसभा के गांव कुटबी में केंद्रीय मंत्री डा. संजीव बालियान, उनकी पत्नी सुनीता बालियान, माता रविन्द्री देवी, पुत्री केतकी व अर्चना बालियान ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं गांव कुटबी निवासी दूल्हा अंकित बालियान ने बारात ले जाने से पूर्व गांव कुटबी के मतदान केंद्र पर केंद्रीय मंत्री डा, संजीव बालियान के साथ मतदान किया। पूरे क्षेत्र में मतदान शांतिपूर्वक सम्पन्न हुआ।
शाहपुर में मतदान केंद्र पर पहुंचे केंद्रीय मंत्री डा. संजीव बालियान ने एक सवाल का जवाब देते हुए बताया कि दो दिन पूर्व हुई बारिश से हुई कीचड़ में कमल खिलने वाला है, क्योकि कमल कीचड़ में ही खिलता आया है। पूरे प्रदेश में भाजपा की लहर है तथा पूरे बहुमत से योगी के नेतृत्व में भाजपा सरकार बन रही है। शाहपुर के गांव सोरम में बूथ संख्या 297 पर वोट डालने आई दुल्हन अनु गोस्वामी ने घर पर आई बारात में वरमाला के उपरांत मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अनु गोस्वामी ने बताया कि देशहित व राष्ट्रहित में मताधिकार करना हम सबका दायित्व है, जिसे उन्होंने पूर्ण कर अपना दायित्व पूरा किया है।