कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की तबीयत बिगड़ गई है, जिसके कारण उन्हें बुधवार यानी आज दिल्ली के गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने के कारण भर्ती कराया गया है। वहीं न्यूज एजेंसी ने सूत्रों के हवाले से खबर दी है कि उन्हें रूटीन चेक-अप के लिए भर्ती कराया गया है,जिसके साथ उनकी बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा हास्पिटल में मौजूद हैं। इससे पहले सोनिया गांधी को तबीयत बिगड़ने के कारण 12 जून को इसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, वह 2 जून को कोरोना से संक्रमित हुई थी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सोनिया गांधी की तबीयत खराब होने के कारण ही राहुल गांधी और प्रियंका गांधी कल यानी मंगलवार को ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में सात किलोमीटर पैदल चलने के बाद वापस दिल्ली लौट आई थीं।

कांग्रेस नेता और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने सोनिया गांधी के अस्पताल में भर्ती होने की खबर पर दुख व्यक्त करते हुए जल्दी स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा कि सोनिया गांधी अस्पताल में भर्ती हैं, यह जानकार दुख हुआ। मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने और स्वस्थ वापसी की कामना करता हूं।

उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में कल एक रात रुकने के बाद बुधवार सुबह 6:00 बजे भारत जोड़ो यात्रा फिर से शुरू हुई। कांग्रेस पार्टी के सूत्रों के अनुसार प्रियंका गांधी वाड्रा यात्रा की बहाली में राहुल गांधी के साथ शामिल नहीं हुईं और उनके दोपहर तक शामिल होने की उम्मीद है। हालांकि सोनिया गांधी के भर्ती होने के बाद आशंका जताई जा रही है कि प्रियंका गांधी वाड्रा आज भारत जोड़ो यात्रा में शामिल नहीं होंगी।