मुजफ्फरनगर. कांवड़ यात्रा को लेकर नगर पालिका प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। कांवड़ यात्रा के लिए नगर पालिका ने कार्य योजना भी तैयार की है। वहीं ईओ हेमराज सिंह ने टैक्स, पथ प्रकाश, निर्माण और जलकल विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की है।

उन्होंने कांवड़ मार्ग में लगे होर्डिंग्स, बैनर, यूनिपोल आदि हटाने के निर्देश टैक्स विभाग के अधिकारियों को दिए हैं। वहीं कांवड़ मार्ग पर पथ प्रकाश और पेयजलापूर्ति के निर्देश दिए गए हैं। कांवड़ मार्ग पर विशेष सफाई के लिए 100 से अधिक सफाई कर्मचारियों की व्यवस्था रहेगी।

डीएम चन्द्र भूषण सिंह ने कांवड़ यात्रा को लेकर नगर पालिका प्रशासन को विशेष निर्देश दिए है। कांवड़ यात्रा के दौरान सभी व्यवस्था को दुरूस्त करने के निर्देश दिए हैं। डीएम के आदेश के बाद नगर पालिका प्रशासन ने कांवड़ यात्रा के लिए कार्य योजना तैयार करनी शुरू कर दी है। गुरुवार को ईओ हेमराज सिंह ने कांवड़ यात्रा को लेकर अपने कार्यालय में पथ प्रकाश, निर्माण, जलकल, टैक्स विभाग आदि अधिकारियों के साथ बैठक की।

उन्होंने कांवड़ मार्ग पर खराब पडी एलइडी लाइटों को सहीं कराने के निर्देश दिए, वहीं कांवड़ मार्ग पर खराब पड़े हैंडपम्प और टंकियों को सहीं कराने के आदेश दिए। वहीं निर्माण विभाग को सड़कों के गड्ढों को भरवाने के आदेश दिए है। उन्होंन कांवड़ मार्ग पर विशेष सफाई के निर्देश दिए है। ईओ ने बताया कि कांवड़ मार्ग पर 100 से अधिक सफाई कर्मचारियों की व्यवस्था रहेगी। प्रत्येक वार्ड से कांवड़ मार्ग की सफाईर के लिए कर्मचारी की ड्यूटी लगाई जाएगी।