शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में सनसनीखेज वारदात हुई है। पत्नी को विदा न करने से नाराज युवक ने घर के बाहर खड़े अपने ससुर को तमंचे से गोली मार दी। पेट में गोली लगने से ससुर की मौत हो गई। आरोपी दामाद तमंचा लहराते हुए भाग गया। गोली मारने का वीडियो वायरल हो रहा है।
आरसी मिशन थाना क्षेत्र के लालबाग चौढेरा गांव के रहने वाले सालिगराम ने अपनी बेटी खुशबू की शादी संजय के साथ की थी। सालिगराम राजकीय मेडिकल कॉलेज से सफाईकर्मी से सेवानिवृत्त हुए थे। पति की मारपीट से आजिज खुशबू तीन महीने पहले अपने पिता के घर आ गई थी।
शुक्रवार शाम करीब चार बजे संजय अपने भतीजे नकुल के साथ अपनी ससुराल पहुंचा। घर के बाहर खड़े ससुर सालिगराम से उसकी बहस होने लगी। अचानक संजय ने तमंचा निकाला और ससुर को गोली मार दी। पेट में गोली लगने से शालिगराम गिर पड़े। उनकी मौत हो गई।
आसपास के लोगों ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया लेकिन वह तमंचा लहराते हुए भाग गया। लोगों ने उसके भतीजे नकुल को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंचीं सीओ सिटी सौम्या पांडेय ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई है। जल्द उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।