रामपुर. रामपुर विधानसभा में उपचुनाव के लिए मतदान हो रहा है। समाजवादी पार्टी ने भाजपा और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सपा ने ट्विटर के जरिए ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सत्ता का जितना दुरुपयोग कर ले, जीतेगी सपा ही। मैनपुरी, खतौली और रामपुर में भाजपा और प्रशासन की मिलीभगत और बेईमानी के बावजूद हर क्षेत्र में सपा आगे है। सभी लोग ज्यादा से ज्यादा संख्या में मतदान करें और भाजपा का सफाया करें।

समाजवादी पार्टी ने कहा कि रामपुर में भाजपा के लोगों ने सपा के बूथ पर तोड़फोड़ और गुंडागर्दी की। सवाल पूछने पर सीओ भाग खड़े हुए। सपा ने कहा कि चुनाव आयोग मामले का संज्ञान ले और आरोपी भाजपा नेता पर कार्रवाई करे साथ ही ऐसे पुलिसकर्मियों को तत्काल सस्पेंड किया जाए। सपा प्रतिनिधिमंडल लगातार उपचुनावों में हो रही धांधली और भाजपाई तथा सरकारी गुंडागर्दी के विषय में चुनाव आयोग को अवगत करा रहा है इसके बावजूद भाजपाई व सरकारी निरंकुशता चुनाव आयोग पर प्रश्नचिन्ह खड़ा कर रहा है। स्पष्ट है कि चुनाव आयोग अपनी साख बेच चुका है ! सपा ने इसे शर्मनाक और अलोकतांत्रिक बताया।

सपा नेता आजम खान की पत्नी तंजीम फातिमा ने रजा डिग्री कॉलेज में वोट डाला। वोट डालने के बाद तंजीम फातिमा ने कहा कि मतदान नहीं मजाक हो रहा है। तंजीम फातिमा ने पुलिस-प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए।