गुरुग्राम। दुष्कर्म व हत्या के आरोप में रोहतक की सुनारिया जेल में सजा काट रहे डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम को भी कोरोना ने अपनी चपेट में ले लिया। उसे रविवार दोपहर मेदांता अस्पताल के कोविड वार्ड में भर्ती कराया गया है। तीन दिन पहले तबियत खराब होने पर उसे पीजीआइ रोहतक में भर्ती कराया गया था। वहां के डाक्टरों की सलाह के बाद उसे मेदांता अस्पताल लाया गया। फिर कोरोना की जांच की गई। जिसमें रिपोर्ट पाजिटिव आई। उसे पैंक्रियाज में भी शिकायत है।
अस्पताल की वरिष्ठ फिजिशियन डा. सुशीला कटारिया की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। बताया जाता है कि राम रहीम के अस्पताल पहुंचने के साथ ही उसकी मुंहबोली बेटी हनीप्रीत सहित परिवार के कई अन्य सदस्य भी पहुंचे। इधर, राम रहीम की सुरक्षा को लेकर कड़े इंतजाम किए गए हैं। अस्पताल आने-जाने वाले हर व्यक्ति के ऊपर नजर रखी जा रही है। विशेष रूप से कोविड वार्ड के ऊपर नजर रखी जा रही है।
मालूम हो कि कुछ दिन पहले ही रोहतक की सुनारिया जेल में दुष्कर्म और पत्रकार की हत्या के दोष में जेल काट रहो सिरसा डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को 48 घंटे की कस्टडी पैरोल मिली थी। सुनारिया जेल से सुबह सवा छह बजे गुरमीत को पैरोल से बाहर निकाला गया। राम रहीम बीमार मां से मिलने के लिए गुरुग्राम गया है। वहीं सुरक्षा इंतजामों व अनुयायियों की भीड़ जमा न हो इसके लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
बता दें कि हाल में ही गुरमीत राम रहीम को रोहतक पीजीआई में भर्ती करवाया गया था। जहां उनका तीन दिन तक इलाज करवाया जाना था। मगर सुरक्षा कारणों के चलते उन्हें महज 21 घंटे बाद ही सुनारिया जेल में भेज दिया गया। यह घटना करीब एक सप्ताह पहले की है। वहीं उनकी जांच के दौरान पाया गया कि उन्हें कोई गंभीर दिक्कत भी नहीं थी। उनकी जांच के लिए सात डॉक्टरों का पैनल गठित किया गया था। मगर पीजीआई के बाहर समर्थक जुटना शुरू हो गए थे। इसके कारण राम रहीम को वापस सुनारिया जेल भेजना पड़ा।