मुजफ्फरनगर। एक बेहतरीन मेकअप आर्टिस्ट के रूप में देशभर में पहचान बनाने वाली जिले की जानी-मानी ब्यूटीशियन शाजिया परवीन का आज सुबह दुखद निधन हो जाने से शोक का वातावरण बन गया। शाम को उनको सुपुर्दे खाक किया गया।

शहर में एक ब्यूटी पार्लर से अपना करियर शुरू करने वाली शाजिया परवीन ने इस क्षेत्र में परिश्रम के बल पर अपनी एक अलग पहचान बनाई। वर्तमान में वह सिटी सेंटर मार्किट में शाजिया ब्यूटी पार्लर एण्ड एकेडमी चला रही थी। नई मण्डी भोपा रोड पर भी उन्होंने अपनी ब्रांच खोल रखी थी। स्वास्थ्य में कुछ खराबी होने पर परिजनों ने उनको दिल्ली के एक निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। वहां पर चिकित्सकों ने उनका ऑपरेशन किया। ऑपरेशन होने के बाद किडनी फेलियर के कारण उनकी तबियत अचानक बिगड़ गयी और उपचार के दौरान रविवार की सुबह उन्होंने अस्पताल में दम तोड़ दिया। उनके निधन के कारण परिवार में शोक छा गया।

49 वर्षीय शाजिया परवीन ने विश्व स्तरीय मेकअप आर्ट की सुविधा मुजफ्फरनगर में प्रदान की। उन्होंने अपनी मेकअप एकेडमी के माध्यम से हजारों युवाओं को एक ब्यूटीशियन प्रोफेशनल के तौर पर प्रशिक्षित किया है। वह एक प्रमुख मेकओवर आर्टिस्ट के रूप में देशभर में पहचानी जाती हैं। वह फैशन शो और ब्राइडल मेकअप के लिए पहली पसंद बनी रही। वेस्ट यूपी के प्रमुख ब्यूटी पार्लर में उनकी मेकअप एकेडमी टॉप पर शुमार की जाती है। शाजिया परवीन ब्राइडल मेकअप, फैशन शो मेकअप की विशेषज्ञ रही। मुजफ्फरनगर जनपद में ही उनके कई शिष्य अपना ब्यूटी पार्लर चला रहे हैं। उनके निधन की खबर पर उनके शिष्य और अन्य लोग उनके योगेन्द्रपुरी आवास पर पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त की। शाम के समय उनको सुपुर्दे खाक कर दिया गया।