मुज़फ्फरनगर। सरकारी क्रय केन्द्र द्वारा किसान का धान न खरीदने पर हंगामा खडा हो गया। विपणन अधिकारी पर आरोप लगाते हुए क्रय केन्द्र पर भाकियू तोमर के कार्यकर्ताओं ने हंगामा काटा तथा क्रय केन्द्र के बाहर धरने पर बैठ गए व धान की तोल को बंद करा दिया।

ग्राम सीकरी निवासी किसान गुलजार अपनी धान को मोरना स्थित धान क्रय केन्द्र पर लेकर आया, जहां पर कर्मचारियों ने किसान की धान को लेने से मना कर दिया, जिसके बाद धान क्रय केन्द्र पर पहुंचे भाकियू तोमर के प्रदेश महासचिव साजिद अली, प्रदेश उपाध्यक्ष हाजी शान मौहम्मद, मेहरबान अली, नदीम, नवीन चौधरी, ओसामा, मुसैब, उदेश, मा. इकबाल, बॉबी सहरावत, शानू, अबुजर, दानिश आदि ने धान क्रय केन्द्र पर तोल को बंद करा दिया तथा क्षेत्रीय विपणन अधिकारी राजेन्द्र सिंह को बंधक बनाकर धरने पर बैठा लिया। साजिद अली व हाजी शान मौहम्मद ने बताया कि पिछले दिनों हुई तेज बारिश से किसान की धान की फसल को नुकसान पहुंचा है। इस स्थिति में किसान अपनी धान को कहां लेकर जाएगा। धान क्रय केन्द्र पर अधिकारी धान को लेने से मना कर रहे हैं। किसान के उत्पीडन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं क्षेत्रीय विपणन अधिकारी राजेन्द्र सिंह ने बताया कि धान की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं थी। भाकियू तोमर के पदाधिकारियों द्वारा उपजिलाधिकारी जानसठ से इस सम्बंध में फोन पर बात की गई, जहां उपजिलाधिकारी ने मामले का शीघ्र निस्तारण कराने का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया।