मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर जिले के खतौली में जानसठ रोड स्थित रजवाड़ा फार्म हाउस पर बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री ने देश को सकशक्त बनाया है, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश को दंगामुक्त बनाया है। पूर्व विधायक विक्रम सैनी सामाजिक लड़ाई के कारण जेल गए थे। वहीं, गठबंधन के प्रत्याशी के रिकार्ड को भी देख लीजिए।
भाजपा के जनप्रतिनिधि से लेकर कार्यकर्ता जनता से सीधा संवाद रखते हैं। पंचायती राज कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि यह भाजपा के समर्थकों, कार्यकर्ताओं की वोट की ताकत है, कि आज गुंडातत्व गले में तख्तियां टांगकर अपराध से मुक्ति का दम भर रहे हैं। भाजपा देश को सशक्त बनाने के लिए निरंतर काम कर रही है। कहा कि पश्चिमी के लोगों को योगी की आवश्यकता अधिक है।
उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार दंगाइयों के साथ खड़ी रहती थी। बहन-बेटियां घर से निकलने से डरती थी। कुछ लोग बेराेजगारी का ढिंढोरा पीट रहे हैं, लेकिन बेरोजगार वह लोग हैं, जिनका लूट, चोरी और गुंडागर्दी थी। महंगाई पर कहा कि पूर्व की सरकारों में सांसदों के कूपन पर गैस सिलेंडर मिलते थे, लेकिन भाजपा ने इसे घर-घर पहुंचा दिया है।
उपचुनाव में बरसाती लोग काम रहे हैं, जो चुनाव के बाद दिखाई भी नहीं देंगे। भाजपा चुनाव हारे या जीते, हमारा संपर्क जनता से संवाद रहता है। कहा कि प्रदेश सरकार का संकल्प विकास है। अलीगढ़, आजमगढ़ के साथ सहारनपुर में विश्वविद्यालय का निर्माण किया जा रहा है। कहा कि कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर लोगों को पूर्व और वर्तमान की सरकार के कार्यों की जानकारी देनी है।