मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के अलमासपुर में एक मकान में चल रहे देह व्यापार के अवैध धंधे में महिलाओं से बरामद मोबाइल का रिकार्ड खंगालने के पश्चात कुछ सफेदपोश लोगों के नाम भी मिले है, जिनकी पुलिस छानबीन में जुट गयी है। शुक्रवार को पुलिस ने मकान से चार महिलाओं समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया था।
शुक्रवार को नई मंडी कोतवाली पुलिस ने अलमासपुर स्थित एक मकान में चल रहे देह व्यापार के अवैध धंधे को पकड़ा था। एसडीएम सदर और सीओ मंडी के नेतृत्व में की गई, छापेमारी के दौरान मकान से चार महिलाओं समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया था। पकड़ी गई महिलाओं में मकान मालकीन भी शामिल थी, जो अपने मकान पर देह व्यापार का धंधा चला रही थी। पुलिस ने मकान से तीन मोबाइल बरामद किए थे। पुलिस ने बरामद मोबाइलों का सीडीआर खंगाला है।
पुलिस सूत्रों की माने तो उनके मोबाइल में शहर के कई सफेदपोश लोगों के नम्बर भी मिले है। इन नंबरों की पुलिस ने जांच शुरु कर दी है। नईमंडी कोतवाली प्रभारी बबलू सिंह वर्मा का कहना है कि बरामद तीनों मोबाइलों का सीडीआर खंगाला जा रहा है। कुछ नम्बरों को चिह्नित किया गया है। सभी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।