मेरठ। राष्ट्रीय लोकदल युवा विंग के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंदन चौहान ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर जनता को बहकाने का आरोप लगाया। शनिवार को मेरठ पहुंचे चंदन चौहान ने मीडिया से बात करते वक्त कहा किसान को नहीं पता उसका गन्ना कितने का है। इंवेस्टर समिट के नाम पर पहले भी बहकाया गया अब भी बहकाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयन्त चौधरी ने करीब दो माह पहले किसान सन्देश अभियान शुरू किया था, लेकिन इतनी बहरी सरकार हमने नहीं देखी जो किसानों की आवाज को ही नहीं सुन पा रही।
चंदन चौहान ने योगी सरकार की इंवेस्टर समिट पर निशाना साधते हुए कहा समिट पहले भी हुए हैं, उनका हिसाब किताब भी लेंगे सदन सत्र में स्मार्ट सिटी की जो घोषणा की थी उसका भी पता लगाएंगे। भाजपा बहकाने का काम करती है। हम समझाने का काम करेंगे बहकाने का नहीं। समिट का हिसाब विधानसभा में लेंगे।
चंदन चौहान ने मदन भैय्या के काफिले पर हमले का आरोप भाजपा पर जा रहा है इस पर कहा कि यह भाजपा का डर है। जिस मुजफ्फरनगर, शामली में 9 में से 8 सीट गठबंधन पर हैं। वहां से सकारात्मकत राजनीति की शुरूआत अब हो चुकी है। वेस्ट यूपी और यूपी का आदमी अब बहकेगा नहीं। सब साथ मिलकर 2024 में बड़ा बदलाव करेंगे। कहा कि जहां हम हारे हैं वहां सजग रूप से काम करने को तैयार हैं। हम मानते हैं हमारा प्रतिद्वंदी मजबूत है। अब राजनीति बदल चुकी है।
युवा रालोद अध्यक्ष ने कहा कि यूपी नहीं अब पूरे देश से भाजपा को हटाना हमारा काम है। चंद्रशेखर के साथ गठबंधन पर इशारा करते हुए उन्होंने कहा यूपी में चंद्रशेखर, अखिलेश, जयंत मिलकर ये करेंगे। हालांकि गठबंधन में राहुल गांधी साथ होंगे या नहीं इस पर उन्होंने कुछ नहीं कहा। चौहान सिर्फ यही कहा राहुल गांधी साथ आएंगे ये शीर्ष नेतृत्व तय करेगा। हमारा ध्येय भाजपा को यूपी नहीं देश से हटाने का काम करना है। मजबूत गठबंधन यूपी में लोकसभा का चुनाव जीतेगा।
उन्होंने कहा कि योगी सरकार बहरी है। उन्होंने कहा कि गन्ना किसान लगातार शुगर मिलों पर गन्ना डाल रहे हैं, लेकिन किसान को यह तक नहीं मालूम कि उनके गन्ने का मूल्य क्या है। उन्होंने कहा कि रालोद जल्द ही सरकार की नीतियों के खिलाफ सड़क से सदन तक आवाज उठाएगी