
गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज जिले में वोट मांगने गए भाजपा के सदर विधायक सुभाष सिंह के काफिले पर असामाजिक तत्वों ने पथराव कर दिया। पथराव में विधायक के पांच गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। जबकि 14 कार्यकर्ता चोटिल हो गए। ये घटना थावे थाने के हरदिया गांव में हुई। हमले के बाद भाजपा कार्यकर्ता उग्र हो गए व हमला करने वाले असामाजिक तत्वों के साथ मारपीट करने को उतारू हो गए। लेकिन, सदर विधायक व पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया।
इसकी सूचना मिलने के बाद सदर एसडीओ उपेन्द्र कुमार पाल, एसडीपीओ नरेश पासवान, नगर इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार राय व थावे थानाध्यक्ष विशाल आनंद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन की। बताया गया है कि गोपालगंज 101 विधानसभा क्षेत्र के थावे थाने के हरदिया गांव में शुक्रवार को भाजपा विधायक सुभाष सिंह अपने कार्यकर्ताओं के साथ वोट मांगने के लिए गए थे। गांव में पगडंडी रास्ता होने के कारण वे बाइक पर सवार होकर लोगों से अपने पक्ष में वोट देने की अपील कर रहे थे। उसकी चार पहिया गाड़ी उनके पीछे-पीछे आ रही थी। इस बीच हरदिया गांव में कुछ असामाजिक तत्वों ने पथराव करना शुरू कर दिया। पथराव में विधायक बाल-बाल बच गए। इसके बाद हमलावर अपनी-अपनी छतों से ईंट-पत्थर फेंकने लगे। सदर विधायक सुबाष सिंह के काफिले पर हमले के बाद गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। हालांकि पुलिस पदाधिकारियों के सक्रियता के कारण बड़ी घटना टल गई। पुलिस समय से गांव में पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रण में कर लिया। सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में गांव में पुलिस कैंप कर रही है। गांव में फिलहाल शांति बनी हुई है। मौके पर मामले की तफ्तीश करने पहुंचे सदर एसडीपीओ व एसडीओ ने पुलिस बल के साथ गांव में फ्लैग मार्च किया। इस दौरान गांव के लोगों से शांति-व्यवस्था कायम रहने की अपील की गई।
सदर विधायक सुभाष सिंह के काफिले पर वोट मांगने के दौरान हमला बोलने वाले असामाजिक तत्वों पर एफआईआर दर्ज करने के लिए थावे थाने में आवेदन दिया गया है। पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की छानबीन करने में जुट गई है। थावे पुलिस ने कहा कि आवेदन के आधार पर हमला करने वाले लोगों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सदर विधायक सुभाष सिंह के काफिले पर हमले के बाद उन्होंने चुनाव आयोग व जिला प्रशासन से अपने सुरक्षा बढ़ाने की मांग की। विधायक ने कहा कि उनके काफिले के ऊपर जानलेवा हमला हुआ है। ऐसी स्थिति में उनकी सुरक्षा बढ़ानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बढ़ाने के साथ-साथ लाइसेंसी हथियार वाले लोगों को जिला प्रशासन इजाजत दे कि वे उनके साथ मौजूद रहें।
धमाकेदार ख़बरें
