ग्वालियर। ग्वालियर के पिछले 57 साल के इतिहास में पहली बार भाजपा का किला कांग्रेस ने ढहा दिया है। ग्वालियर महापौर पद के लिए भाजपा के दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी थी, लेकिन कांग्रेस ने भाजपा को करारी शिकस्त दे दी और इतिहास रच दिया।

ग्वालियर नगर सरकार के पिछले 57 साल के इतिहास में पहली बार भाजपा का किला कांग्रेस ने ढहा दिया। ग्वालियर महापौर पद के लिए भाजपा के दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी थी, लेकिन कांग्रेस विधायक ने “एक परिवार, पूरी सरकार“ के फार्मूले पर चुनाव लड़कर भाजपा को करारी शिकस्त दे दी और इतिहास रच दिया।

ग्वालियर में महापौर पद के लिए शुरुआत में मुकाबला भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच था, लेकिन आज जब परिणाम सामने आया तो मामला सीधा भाजपा और कांग्रेस के बीच दिखाई दिया। खास बात ये रही कि कांग्रेस की शोभा सिकरवार ने पहले ही राउंड से जो बढ़त लेना शुरू की तो फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा। जैसे -जैसे राउंड आगे बढ़ा कांग्रेस की शोभा सिकरवार का भाजपा की सुमन शर्मा से जीत का अंतर बढ़ता ही रहा। अभी तक जो परिणाम समाने आये हैं उसके हिसाब से उनकी बढ़त करीब 28 हजार वोट से ज्यादा चुकी है।

मतगणना स्थल पर पहुंची शोभा सिकरवार ने इसे ग्वालियर की जनता की जीत बताया है उन्होंने जनता और प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ को धन्यवाद देते हुए कहा कि जनता ने मुझपर जो भरोसा जताया है उस पर खरी उतरूंगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा महिला सुरक्षा मेरी पहली प्राथमिकता रहेगी।

वहीं, पूर्व सीएम कमलनाथ ने ट्वीट कर विजयी प्रत्याशियों को शुभकामना दी है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ’आज संपन्न नगरीय निकाय चुनाव के प्रथम चरण की मातगणना में विजयी कांग्रेस के ग्वालियर ,जबलपुर , छिंदवाड़ा के महापौर प्रत्याशियों व नगर निगम , नगर पालिका , निगम परिषद में कांग्रेस के विजयी सभी पार्षद प्रत्याशियों को भी हार्दिक बधाई व शुभकामनाएँ। इन क्षेत्रों के मतदाताओं का भी विशेष आभार , जिन्होंने कांग्रेस को अपना समर्थन देकर कांग्रेस पर विश्वास व्यक्त किया। उनका यह विश्वास हम कभी टूटने नहीं देंगे।’