मुजफ्फरनगर। केंद्रीय मंत्री अजय टेनी की गिरफ्तारी और बकाया भुगतान दिलाए जाने की मांग को लेकर भाकियू ने कलक्ट्रेट में धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। जिलाध्यक्ष योगेश शर्मा ने कहा कि धरना 75 घंटे चलेगा और जरूरत पड़ी तो अनिश्चितकालीन धरने में बदला जाएगा। जिले में भी किसानों को बकाया भुगतान नहीं मिल रहा है।
भाकियू ने लखीमपुर खीरी कलक्ट्रेट में 18 से 20 अगस्त तक धरने प्रदर्शन का एलान किया था। विभिन्न जिलों से किसान भाकियू प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत के नेतृत्व में लखीमपुर पहुंचे। भाकियू जिलाध्यक्ष योगेश शर्मा ने बताया कि पूर्व निर्धारित धरने के बावजूद प्रशासन ने किसानों के लिए कोई इंतजाम नहीं किया। किसानों की परेशानी को देखते हुए संगठन ने मुजफ्फरनगर में भी धरना शुरू कर दिया है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से किसान शाम के समय पहुंचने शुरू हो गए। किसानों ने नारेबाजी की। केंद्रीय मंत्री अजय टेनी की गिरफ्तारी, मोरना और बुढ़ाना चीनी मिल पर बकाया भुगतान, किसानों की भूमि अधिग्रहण का पर्याप्त मुआवजा का मुद्दा भी रखा गया है।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि किसान कलक्ट्रेट से जाने वाले नहीं है। उधर, कुछ देर के लिए गौरव टिकैत भी धरने पर पहुंचे। मंडल अध्यक्ष नवीन राठी, महानगर अध्यक्ष राव गुलबहार, तहसील अध्यक्ष अनुज बालियान, जानसठ तहसील अध्यक्ष सरदार अमीर सिंह, प्रताप सिंह, संजीव पंवार, विकास चौधरी, समरजीत, जोगेंद्र पहलवान, मनीष प्रधान, हवा सिंह, नरेश पाल, प्रदीप शर्मा मौजूद रहे।
किसानों ने देर रात कलेक्ट्रेट मे भट्ठी चढ़ा दी है। खिचड़ी बनाकर खाई। जिलाध्यक्ष ने बताया कि धरने पर किसानों ने खुद खाने का इंतजाम किया है।
भाकियू प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने लखीमपुर खीरी में हर जिले में 75 घंटे के धरने का एलान किया। प्रशासन को चेतावनी दी गई थी। शाम के समय कार्यकर्ता एकत्र होने शुरू हो गए थे। देर रात भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने संगठन के फेसबुक पेज से कार्यकर्ताओं को कलक्ट्रेट पहुंचने की बात कही। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन शुरू किया।