मुजफ्फरनगर। शासनादेश का उल्लंघन कर हाईवे पर अवैध कॉलोनियां काटकर राजस्व का चूना लगाने वालों पर MDA मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण ने कार्रवाई की। MDA सचिव और SDM सदर की निगरानी में हाईवे किनारे दो अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चला। पुलिस की मौजूदगी में MDA अधिकारियों ने कई अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिए।

MDA सचिव महेन्द्र सिंह ने बताया कि शासन के स्पष्ट निर्देश हैं कि हाईवे किनारे बिना अनुमति कोई भी अवैध निर्माण नहीं होने दिया जाए। उन्होंने बताया कि रविवार को हाईवे स्थित बझेड़ी मार्ग पर अवैध कालोनियों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। बताया कि अवैध प्लाट काटकर कराए गए निर्माण को बुलडोजर की मदद से ध्वस्त कर दिया गया।

उन्होंने बताया कि बझेड़ी मार्ग पर करीब 1.5 हेक्टेयर भूमि में काटी गई अवैध कालोनी में ध्वस्तिकरण की कार्रवाई अमल में लाई गई। बताया कि इसके अलावा पचैंडा रोड पर भी अवैध कॉलोनी में ध्वस्तीकरण को अंजाम दिया गया। इस मौके पर SDM सदर परमानंद झा, सीओ और कई थानों का पुलिस फोर्स मौजूद रहा।

एमडीए सचिव महेन्द्र सिंह ने बताया कि कालोनाइजर अवैध कॉलोनियां काटकर पहले राजस्व को चूना लगाते हैं। इसके बाद गृह स्वामियों को अनुमन्य सरकारी सुविधाएं नहीं मिल पाती हैं। जिससे उन्हें कष्ट होता है। आम आदमी को नियमों की जानकारी नहीं होती। जब अवैध तरीके से मकान या दुकान बन जाता है, तो अवैध कालोनाइजर लोगों को उन्हें बेचकर चले जाते हैं। जबकि बाकी की परेशानियां खरीदारों को उठानी पड़ती हैं। MDA ने शहर में कई अवैध कॉलोनी चिन्हित की हैं। शीघ्र ही उन पर भी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।