मुजफ्फरनगर। जिला प्रशासन ने बड़ी कांवड़ की व्यवस्था के लिए 24 लाख की धनराशि से बने डिवाइडर को तोड़ने की तैयारी शुरू कर दी है। शनिवार की देर रात्रि बुलडोजर से नगर पालिका कन्या इंटर कालेज के सामने डिवाइडर को ध्वस्त किया गया। जिला प्रशासन के अधिकारियों का कहना है कि कांवड़ यात्रा में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। इसलिए समय रहते हुए सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है।
नगर पालिका के द्वारा अभी कुछ समय पहले नवल्टी चौक से मीनाक्षी चौक तक डिवाइडर का निर्माण कराया गया है। इस डिवाइडर निर्माण के लिए नगर पालिका ने करीब 24 लाख रुपए खर्च किए है। कांवड़ यात्रा से पूर्व सहारनपुर मंडलायुक्त ने कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया था। उन्होंने नवल्टी चौक से मीनाक्षी चौक तक के डिवाइडर को तोड़ने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा था कि बड़ी कांवड़ में उक्त डिवाइडर से बाधा हो सकती है। इसलिए डिवाइडर को तोड़ा जाना अति आवश्यक है। मंडलायुक्त के आदेश के बाद जिला प्रशासन ने नगर पालिका ईओ को डिवाइडर तोड़ने के निर्देश दिए। डिवाइडर तोड़ने की बात को लेकर नगर पालिका में एतराज होने लगा, लेकिन मंडलायुक्त का आदेश की जानकारी मिलने के कारण विरोध कर रहे नगर पालिका के कर्मचारी शांत हो गए। शनिवार की रात्रि जिला प्रशासन और नगर पालिका की टीम ने नगर पालिका कन्या इंटर कालेज के सामने बने डिवाइडर को बुलडोजर से ध्वस्त करा दिया।