मेरठ. मवाना गांव के ततीना निवासी प्रदीप पुत्र जगबीर ने बताया कि बुधवार शाम वह मवाना से अपने कुछ साथियों के साथ रामलीला देखकर गांव लौट रहा था। गांव में पहुंचने पर आरोपियों ने अपने घर के सामने उन्हें रोक लिया तथा लाठी डंडों से हमला बोल दिया। फायर किया गया, जिसमें गोली लगने से प्रदीप घायल हो गया।

प्रदीप ने बताया कि सुबह के समय नाली बंद करने को लेकर आरोपियों से विवाद हुआ था। आरोपियों ने भुगत लेने की धमकी दी थी। घायल को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया।

दूसरे पक्ष का कहना है कि वह लोग रामलीला देखकर गांव लौट रहे थे। आरोपी पक्ष की पहले से ही तैयारी थी। जैसे ही वे गांव में पहुंचे उन पर लाठी डंडों व धारदार हथियार से हमला बोल दिया। जिसमें ओमप्रकाश, वेदू, ग्राम प्रधान हरीश और देवेंद्र सिंह घायल हो गए। इन लोगों ने बताया कि एक मजदूर से आरोपी पक्ष जबरन काम करा रहे थे, जिसका विरोध किया तो शाम के समय उन पर हमला बोलकर घायल कर दिया। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। समाचार लिखे जाने तक किसी भी पक्ष ने तहरीर नहीं दी थी।