मुजफ्फरनगर। राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रत्याशियों के व्यय लेखा परीक्षण के लिए 25 अप्रैल, 29 अप्रैल और दो मई की तिथि तय की हुई है। 25 अप्रैल को मात्र दो प्रतिशत प्रत्याशियों ने ही व्यय का लेखा जोखा पेश किया है।प्रत्याशियों ने हिसाब देने में रुचि नहीं दिखाई।

नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर के अध्यक्ष और सभासद प्रत्याशियों का लेखा-जोखा वरिष्ठ कोषाधिकारी के कार्यालय में जमा होगा। पुरकाजी और चरथावल निकाय का सदर तहसील में जमा होगा। शाहपुर, सिसौली, बुढ़ाना का बुढ़ाना तहसील में, जानसठ, भौकरहेड़ी, मीरापुर का जानसठ तहसील में और खतौली का खतौली तहसील के सभाकक्ष में जमा होगा।

25 अप्रैल को पुरकाजी नगर पंचायत के केवल 12 प्रत्याशियों ने ही व्यय का हिसाब दिया। पुरकाजी में अध्यक्ष पद पर 14 और सदस्य के लिए 110 प्रत्याशी मैदान में है। चरथावल नगर पंचायत में केवल चार प्रत्याशियों ने व्यय का हिसाब दिया। चरथावल में अध्यक्ष पद के लिए आठ और सदस्य पद के लिए 62 प्रत्याशी मैदान में हैं।

सदर तहसील में एसडीएम परमानंद झा की मौजूदगी में लेखाकार ने व्यय का लेखा-जोखा जमा किया। नगर पालिका मुजफ्फरनगर के अध्यक्ष और सभासद के प्रत्याशियों में से दो प्रतिशत ने ही वरिष्ठ कोषाधिकारी के यहां खर्च का हिसाब दिया है। अध्यक्ष पद के दस प्रत्याशियों में से सात ने अपने व्यय का लेखा जोखा प्रस्तुत किया।

पालिका के 55 वार्डों में सभासद के प्रत्याशियों में से केवल सात ही लेखा जोखा लेकर प्रस्तुत हुए। नगर पालिका मुजफ्फरनगर में सदस्य पद पर 392 प्रत्याशी मैदान में है।