मुजफ्फरनगर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी ने जिले में भाजपा के नेताओं तथा कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर लोकसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान लोकसभा चुनाव में टिकट के दावेदार भी प्रदेश अध्यक्ष से मिले।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ मंथन किया। जिला संगठन की घोषणा को लेकर जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी से चर्चा की।
भूपेन्द्र सिंह ने संगठन में सक्रिय लोगों को रखे जाने पर बल दिया गया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का काम करें।
लोक निर्माण विभाग के डाक बंगले पर पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कार्यकर्ताओं के साथ अलग-अलग बैठक की। केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. संजीव बालियान, जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, पूर्व विधायक उमेश मलिक, पूर्व जिलाध्यक्ष यशपाल पंवार की मौजूदगी में प्रदेश अध्यक्ष ने लोकसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि देश की जनता 2024 में प्रधानमंत्री मोदी को तीसरी बार सत्ता सौंपना चाहती है। देश और दुनिया के घटनाक्रम को देखते हुए पीएम मोदी राष्ट्र की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हम सब भाजपा के कार्यकर्ता हैं। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता अनुशासित है। हम सबको पार्टी हाईकमान की उम्मीदों पर खरा उतरना है।
उन्होंने जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी से कहा कि संगठन का खाका तैयार कर लें। संगठन में ऐसे लोगों को रखा जाए जो सक्रिय हैं और पार्टी के लिए समर्पित हैं। संगठन के बल पर ही लोकसभा में पार्टी को जीत दिलानी है। लोकसभा चुनाव में पार्टी से टिकट मांगने की तैयारी कर रहे दावेदारों ने भी भूपेन्द्र चौधरी से मुलाकात की।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल, पूर्व जिलाध्यक्ष देवव्रत त्यागी, सतपाल पाल, विजय शुक्ला, श्रीमोहन तायल, चरथावल प्रमुख अक्षय पुंडीर, अभिषेक चौधरी, राजीव गर्ग, शरद शर्मा, शशिबाला पुंडीर, जगदीश पांचाल, हरीश अहलावत, पूर्व विधायक अशोक कंसल, पुरुषोत्तम आदि मौजूद रहे।