मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर-सहारनपुर मार्ग स्थित रोहाना टोल पर हंगामा, धरना-प्रदर्शन कर चार घंटे टोल फ्री कराने के मामले में भाकियू तोमर के जिलाध्यक्ष सहित ढाई सौ कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। आरोप है कि टोल कंपनी को साढ़े छह लाख से ज्यादा का नुकसान हुआ है। 21 जुलाई को मुजफ्फरनगर-सहारनपुर मार्ग पर स्थित रोहाना टोल प्लाजा पर भाकियू तोमर के जिलाध्यक्ष नरेश चौधरी और शहजाद के नेतृत्व में दो सौ ढाई सौ कार्यकर्ताओं ने टोल पर हंगामा कर धरना दिया गया था। इस दौरान चार घंटे तक टोल फ्री करा दिया गया था। इससे टोल को कई लाख का नुकसान हुआ था।
इस मामले में टोल प्रबंधक वीरेंद्र विक्रम सिंह ने शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि भाकियू तोमर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर टोल फ्री कराया था। जिससे कंपनी को छह लाख 62 हजार का नुकसान हुआ है। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई है।
एसपी सिटी सत्य नारायण प्रजापत ने बताया कि जिलाध्यक्ष नरेश चौधरी, शहजाद, अंकित गुर्जर, तबरेज, सोनू सहित 12 लोगों को नामजद करते हुए ढाई सौ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।