मुजफ्फरनगर। पुलिस ने एक महिला सहित पांच आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लंढौरा निवासी देवेंद्र कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी बहन रितु का विवाह 15 जून 2020 को मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के गांव गदरजुड़ा निवासी सोनू के साथ हुआ था। शादी में हैसियत से बढ़कर दान दहेज दिया गया था। लेकिन ससुराल पक्ष के लोग दिए गए दहेज से संतुष्ट नहीं थे। वह उसकी बहन को लगातार अतिरिक्त दहेज के लिए परेशान करते रहते थे। बीस दिसंबर की दोपहर को उसकी पत्नी उषा के मोबाइल पर फोन आया। लेकिन वह किसी कारण फोन नहीं उठा पाई। उसने पलट कर उसी नंबर पर दोबारा फोन किया तो सोनू ने बताया कि रितु को हार्ट अटैक आया है। जिसे डॉक्टर के यहां ले जाया जा रहा है। कुछ देर बाद फिर से फोन आया। जिसमें बताया गया कि रितु की मृत्यु हो गई है। पीड़ित का कहना है कि जब वह अपनी बहन के ससुराल पहुंचा तो उनके द्वारा आनन-फानन में अंतिम संस्कार की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई थी। बहन की मौत के सदमे के कारण वह उस समय कुछ नहीं बोल पाया। अंतिम संस्कार करने के बाद उसे कुछ बातों से पता चला कि उसकी बहन की आरोपियों ने हत्या की है। पुलिस ने नामजद किए गए आरोपियों सोनू, संदीप, संदीप की पत्नी, ननद पारुल तथा देवर रजत के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।