बागपत। तिलवाड़ा गांव में बृहस्पतिवार देर शाम रालोद कार्यकर्ताओं ने भाजपा नेता को ही नहीं पीटा, बल्कि पार्टी के कई कार्यकर्ताओं के साथ भी मारपीट की गई। हंगामा होने पर पहुंचे भाजपा जिलाध्यक्ष के साथ भी खींचतान की गई। अब मारपीट की घटना का वीडियो वायरल हो रहा है। वहीं मामले को दबाने वाले छपरौली थाना प्रभारी पर भी शिकंजा कसा गया तो 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

तिलवाड़ा गांव में बृहस्पतिवार देर शाम प्राथमिक विद्यालय में रालोद-भाजपा गठबंधन प्रत्याशी डाॅ. राजकुमार सांगवान का जनसंपर्क कार्यक्रम था। भाजपा के छपरौली विधानसभा के संयोजक धूमसिंह कार्यक्रम खत्म होने पर डाॅ. सांगवान को अपने घर पर चाय पीने के लिए कहने लगे। वहां कई रालोद कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया तो मंच पर ही भाजपा नेता व रालोद कार्यकर्ताओं में कहासुनी होने लगी। इसके बाद रालोद कार्यकर्ताओं ने भाजपा नेता को पीटना शुरू कर दिया। उसे बचाने आए कार्यकर्ताओं के साथ भी मारपीट की गई। वह बचकर भागने लगे तो उनको दौड़ाकर पीटा गया।

जब सूचना मिलने पर भाजपा जिलाध्यक्ष वेदपाल उपाध्याय वहां पहुंचे तो उनके साथ भी खींचतान की गई। इसे लेकर काफी देर तक हंगामा होता रहा और किसी तरह भाजपा के लोकसभा प्रभारी अशोक नागर व रालोद के पूर्व विधायक गजेंद्र मुन्ना, एडवोकेट जयवीर तोमर ने मामला शांत कराया। तिलवाड़ा में भाजपा नेताओं के साथ मारपीट की वीडियो शुक्रवार को वायरल हो गई, जिसके बाद छपरौली थाने में पुलिस की तरफ से अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

तिलवाड़ा में सरकारी स्कूल में हुए राजनीतिक कार्यक्रम में जमकर मारपीट हुई। इसके बाद भी छपरौली थाना प्रभारी कुलदीप सिंह वरिष्ठ अफसरों को झूठ बोलकर बरगलाते रहे। शुक्रवार को जब मारपीट का वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस अधिकारियों ने थाना प्रभारी को लताड़ लगाई। इसके बाद अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। वहीं गांव के एक व्यक्ति का वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें वह आरोप लगा रहा है कि गांव में लाइसेंसी हथियार भी लहराए गए और खूब बवाल किया गया।